फिर उफनाई यमुना, 22 को 152.40 मीटर खतरे के निशान तक पहुँचने की सम्भावना
आगरा, 20 अगस्त। अपर जिलाधिकारी (वि/रा) शुभांगी शुक्ला ने अवगत कराया है कि हथिनी कुण्ड बैराज, सहारनपुर से विगत सत्रह अगस्त को यमुना नदी में 1,78,976 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से जनपद में यमुना नदी में पानी का जलस्तर बढ़ रहा है। ओखला बैराज से मंगलवार को 91,212 क्यूसेक पानी छोड़े जाने एवं गोकुल बैराज से 87,079 क्यूसेक पानी छोड़ जाने के कारण यमुना नदी का जल स्तर जल संस्थान पर बढ़ने की सम्भावना है।
सिंचाई विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जलस्तर बढ़ेगा एवं 22 अगस्त को आगरा वाटरवर्क्स पर यमुना नदी का जलस्तर 152.40 मीटर (खतरे के निशान) तक पहुँचने की सम्भावना है। तहसील सदर में यमुना नदी के लो फ्लड पर प्रभावित होने वाले ग्राम तनौरा, नूरपुर, कैलाश, स्वामी बाग, नगला बूढ़ी, अमर विहार दयालबाग, मोती महल, कटरा वजीर खाँ, रामबाग बस्ती, अप्सरा टाकीज, यमुना किनारा रोड वेदान्त मन्दिर से फोर्ट एवं तहसील फतेहाबाद में ग्राम भरापुर, बमरौली, ईदौन, भडायना, मेवीकलॉ, गुडा मेवली खुर्द, हिमायूपुर आदि ग्राम प्रभावित होने की सम्भावना है।
उन्होंने शहरवासियों एवं ग्रामवासियों से अपील की कि जरूरी कागजात जैसे राशन कार्ड, पासबुक, आधार कार्ड को वॉटरफूफ बैग में रखें। क्लोरीन, ओ.आर.एस. तथा आवश्यक दवाइयां प्राथमिक उपचार किट में रखें।सूख अनाज व मवेशियों के चारे को किसी ऊँचे स्थान पर सुरक्षित रखें। बाढ़ की चेतावनी मिलते ही गर्भवती महिलाओं, बच्चों, वृद्ध, दिव्यांगजन एवं बीमार व्यक्तियों को तुरन्त तहसीलों द्वारा स्थापित किये गये बाढ़ शरणालयों में शरण लें। उबला हुआ या क्लोरीन युक्त पानी का उपयोग करें। बिजली का मुख्य स्विच व गैस रेगुलेटर को बन्द रखें। बाढ़ के सम्पर्क में आई खाद्य सामग्रियों का सेवन न करें। डूबे हैंडपम्प के पानी का उपयोग न करें तथा पानी के किनारे न जाएं।
बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु जनपद स्तर पर कन्ट्रोल रूम 24 घण्टे संचालित है, जिसका मोबाइल नं. 0562-2260550 एवं 09458095419 है।
____________________________
Post a Comment
0 Comments