सांसद सुमन के नेतृत्व में सपा का नगर निगम में धरना-प्रदर्शन, बोले- गंदगी को मानक मानकर मिला अवॉर्ड, ‘स्मार्ट सिटी’ बनी ‘नरक सिटी’
आगरा, 17 जुलाई। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के नेतृत्व में गुरुवार को नगर निगम में धरना, प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निगम में सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और शहर में बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान सांसद रामजीलाल सुमन ने नगर निगम के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने शहर को ‘स्मार्ट सिटी’ के बजाय ‘नरक सिटी’ बना दिया है। सफाई कर्मचारियों की भर्ती में अनियमितताओं और व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सुमन ने सवाल उठाया कि नगर निगम को किन मानकों को लेकर अवार्ड दिया गया है? लगता है कि गंदगी को मानक मानकर निगम को यह अवॉर्ड मिला है। उन्होंने हाल ही में आगरा को स्वच्छता रैंकिंग में मिली उपलब्धि पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि जमीनी हकीकत कुछ और है।
उन्होंने मांग की कि सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए और भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था को तत्काल सुधारा जाए, अन्यथा सपा और बड़ा आंदोलन करेगी।
________________
Post a Comment
0 Comments