मेयर बोलीं- जनकपुरी के विकास कार्यों में बजट आड़े नहीं आएगा || नवीन जैन बोले- हर पार्क में होगा काम, महोत्सव समिति के कार्यालय का उदघाटन

आगरा, 20 जुलाई। कमलानगर में प्रस्तावित जनकपुरी महोत्सव के लिए आयोजन समिति ने रविवार को जनकपुरी कार्यालय का विधिवत शुभारंभ कर दिया। बी ब्लॉक में टेम्पटेशन रेस्टोरेंट के निकट बनाए गए इस कार्यालय का उद्घाटन राज्यसभा सांसद नवीन जैन, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग और जनकपुरी के पदाधिकारियों ने किया। कमला नगर क्षेत्र में 16 से 21 सितंबर तक जनकपुरी सजाई जाएगी। बी ब्लॉक स्थित शिवम पार्क में जनक महल सजाया जाएगा।
इस अवसर महापौर ने घोषणा की कि जनकपुरी महोत्सव में विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दो जाएगी। समिति के मुख्य संरक्षक और  सांसद नवीन जैन ने कहा कि हर पार्क में काम होगा। जनक महल के साथ जगह-जगह झाँकियाँ सजाई जाएंगी। यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मार्गदर्शक राकेश गर्ग ने समिति के सभी पदाधिकारियों और राम भक्तों से मिलकर काम करने की अपील की।
अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि इस बार जनकपुरी महोत्सव में मुख्य अतिथियों के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लाने का प्रयास किया जाएगा।
राजा जनक राजेश अग्रवाल ने भी जनकपुरी को भव्य बनाने में सभी से सहयोग की अपील की।
महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल और संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल ने बताया कि कमला नगर के हर क्षेत्र में विकास कार्यों के संबंध में महापौर/नगर आयुक्त को पत्र दे दिया गया है ताकि समय से सभी कार्य पूर्ण हो जाएँ।
महामंत्री उमेश कंसल, कोषाध्यक्ष रामरतन मित्तल भी मंचासीन रहे। हरीश शर्मा गुड्डू, पवन अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, वरुण कुमार जैन और दिनेश कुमार कार्यालय प्रभारी की भूमिका में होंगे।
संयोजक नितिन कोहली, सह कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल बैंक, वरिष्ठ संरक्षक चौधरी विजेंद्र सिंह, स्वागत मंत्री भरत महाजन, रमाशंकर गुप्ता, नीरज अग्रवाल, पवन अग्रवाल ने सभी का स्वागत किया। महिला कार्यकारिणी समिति की ओर से अध्यक्ष सीमा अग्रवाल साथी महिलाओं के साथ मौजूद रहीं।
_________

        
       

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments