आगरा में नामी मिठाई दुकान पर एसजीएसटी का छापा, कई ठिकानों पर एक साथ जांच
आगरा, 13 अक्टूबर। दीपावली त्योहार से ठीक पहले शहर में मिठाई कारोबारियों पर एसजीएसटी विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार दोपहर शहर की नामी मिठाई की दुकान ब्रजभोग पर विभाग की टीम ने छापा मारा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एसजीएसटी की कई टीमें एक साथ ब्रजभोग के शाह मार्केट स्थित मुख्य प्रतिष्ठान, जयपुर हाउस स्थित शाखा और गोदाम समेत कई ठिकानों पर पहुंची। टीम के अचानक पहुंचने से पूरे मिठाई बाजार में हड़कंप मच गया।
सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई टैक्स चोरी और एसजीएसटी बिलिंग में गड़बड़ी की शिकायत पर की गई। विभाग को लंबे समय से स्टॉक से अधिक बिक्री और बिलिंग में हेराफेरी की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी आधार पर यह सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
मौके पर अधिकारियों ने दुकान के स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री के बिल, कैश बुक और जीएसटी रिटर्न सहित सभी लेखे-जोखे को खंगाला। गोदाम में रखे कच्चे माल और तैयार मिठाइयों के स्टॉक का भी मिलान किया गया।
फिलहाल विभागीय अधिकारी कोई आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पूरा हिसाब सामने आने के बाद ही टैक्स चोरी की सही स्थिति स्पष्ट होगी। त्योहार से पहले हुई इस कार्रवाई से शहर के अन्य बड़े मिठाई कारोबारियों में भी खलबली मची हुई है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments