अजब राजनीति: पृथ्वीनाथ मंदिर जीर्णोद्धार के मंत्री और एमएलसी के अपने-अपने दावे, भाजपा में बना नया मुद्दा

आगरा, 19 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी में स्थानीय स्तर पर एक और मुद्दा चर्चा का विषय बनता दिख रहा है। यह मुद्दा पृथ्वीनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण से जुड़ा हुआ है। प्रदेश उच्च शिक्षा मंत्री और आगरा दक्षिण क्षेत्र से विधायक योगेन्द्र उपाध्याय ने इस मंदिर के विकास के बारे में जानकारी मीडिया के शेयर की। इधर विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने भी दो पत्र सार्वजनिक करते हुए दावा किया कि मंदिर का जीर्णोद्धार उनके प्रस्ताव पर किया जा रहा है।
शनिवार को सूचना विभाग ने दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जानकारी दी कि विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, शाहगंज के पर्यटन विकास पर दोपहर तीन बजे प्रेस वार्ता करेंगे।
इसके आधे घंटे बाद ही दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के मीडिया प्रभारी सुनील करमचंदानी ने सूचना विभाग के माध्यम से जानकारी दी कि पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर के विकास के उपलक्ष में शिवाजी मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा शनिवार की दोपहर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का स्वागत किया जाएगा। यह कार्यक्रम विजय शिवहरे की प्रस्तावित प्रेसवार्ता से डेढ़ घंटे पहले रखा गया। 
दोनों नेताओं ने अपने-अपने कार्यक्रम किए। भाजपा शिवाजी मंडल अध्यक्ष देवेश पचौरी के नेतृत्व में पार्षदों व कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के आवास नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी पहुंचकर उनका तलवार और भगवान शिव का प्रतीक त्रिशूल भेंटकर स्वागत किया। 
दूसरी ओर पृथ्वीनाथ मंदिर के के महंत अजय राजौरिया ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रीय जनता के साथ उन्होंने मंदिर परिसर में एमएलसी विजय शिवहरे का स्वागत किया। पूर्व पार्षद संजीव चौबे, प्रमोद उपाध्याय, युवा मोर्चा अध्यक्ष शैलू पंडित, अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अथक प्रयासों से प्रस्ताव कराया - विजय शिवहरे 
विजय शिवहरे ने पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर प्रांगण में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जनपद प्रभारी तथा पर्यटन व संस्कृति  विभाग मंत्री जयवीर सिंह तथा प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम से लगातार मिलकर अथक प्रयासों से मंदिर के जीर्णोद्धार व कॉरिडोर का प्रस्ताव कराया गया। क्षेत्रीय विधायक को तो केवल इसकी जानकारी भर भेजी गई थी। उन्होंने इस संबंध किए गए पत्राचार और प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के सरकारी प्रपत्र की प्रतिलिपियां भी जारी की।
पहले ही पांच-सात मंदिरों के जीर्णोद्धार के पत्र भेज चुका - योगेन्द्र उपाध्याय 
दूसरी ओर इस बारे में पूछे जाने पर उच्च शिक्षा मंत्री और दक्षिण क्षेत्र से विधायक योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि प्रस्ताव किसी का हो, शहर के मंदिरों का विकास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विजय शिवहरे केवल पृथ्वीनाथ मंदिर के विकास के प्रस्ताव की बात कर रहे हैं, लेकिन वे (उपाध्याय) पहले ही शहर के पांच-सात मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए सरकार को पत्र भेज चुके थे और उनमें कुछ मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि असल श्रेय तो प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिले के प्रभारी व पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को जाता है।
________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments