महिला से दुष्कर्म का आरोपी जलालुद्दीन गिरफ्तार, महिला आयोग की अध्यक्ष ने दिए थे निर्देश

आगरा, 10 जुलाई। महिला से दुष्कर्म के आरोपी कथित अधिवक्ता जलालुद्दीन को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान की कड़ी नाराजगी के बाद पुलिस ने आरोपी को जीआईसी मैदान के पास से गिरफ्तार किया।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शाहगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता का भाइयों से विवाद चल रहा था, इसी दौरान उसकी मुलाकात मंटोला निवासी कथित अधिवक्ता जलालुद्दीन से हुई थी। खुद को मददगार बताकर वह महिला के करीब आया। एक दिन बीमारी के बहाने उसे घर से ले गया और एमजी रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में धमकाते हुए दुष्कर्म किया। आरोपी ने घटना का वीडियो भी बना लिया और किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी दी। डर के चलते महिला चुप रही, जिससे आरोपी के हौसले बढ़ गए। वह ब्लैकमेल कर महिला के साथ दुष्कर्म करता रहा।
यही नहीं, जलालुद्दीन ने महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया। परेशान होकर महिला अपने पति के साथ गुजरात जाकर रहने लगी। इधर आरोपी ने महिला की जमीन हड़पने की कोशिश की और उस पर झूठा चोरी का केस दर्ज करा दिया। जब महिला को इसकी जानकारी हुई तो वह आगरा लौटी। आरोपी ने दोबारा धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया।
पीड़िता ने एक हिन्दूवादी महिला नेता की मदद से पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर आपबीती बताई। पुलिस आयुक्त के आदेश पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन गिरफ्तारी न होने पर महिला ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान के समक्ष न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने थानाध्यक्ष को 24 घंटे में गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इस मामले में शहर कांग्रेस की भी किरकिरी हुई। आरोपी शहर कांग्रेस में उपाध्यक्ष रहा है। शहर अध्यक्ष अमित सिंह ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि जांच में सही पाये जाने पर पार्टी कार्रवाई के बारे में सोचेगी। 
_____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments