विमान दुर्घटना में जीवित बचे विश्वास कुमार रमेश, अस्पताल में चल रहा उपचार, हताहतों में आगरा के दंपत्ति भी

नई दिल्ली, 12 जून। गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार की दोपहर हुई विमान दुर्घटना में चमत्कारिक रूप से एक यात्री जीवित बच गया। उसका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
इस हादसे में हताहत होने वालों में आगरा के भी एक दंपत्ति बताए जा रहे हैं। खबरों के अनुसार, अकोला निवासी नीरज लवानिया और अपर्णा लवानिया लंदन जाने के लिए इसी विमान में सवार हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी होते ही सांसद राजकुमार चाहर परिवार से मिलने पहुंचे। 
अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया के इस बोइंग विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। यात्रियों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी थे। हादसे में रुपाणी समेत 200 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। एयर इंडिया ने मृतकों के परिजनों को एक एक करोड़ रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। मृतकों की शिनाख्त के लिए उनके परिजनों के डी एन ए सैंपल लिए जा रहे हैं।
जिंदा बचे यात्री चालीस वर्षीय विश्वास कुमार रमेश इस फ्लाइट में 11 ए सीट पर बैठकर लंदन जा रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। विश्वास के सीने, आंखों और पैरों पर चोट आई है और उनका इलाज चल रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अस्पताल पहुंच कर उनसे मुलाकात की।
विश्वास कुमार ने मीडिया को बताया, ''जब मैं उठा तो मेरे चारों ओर लाशें बिखरी पड़ी थीं। मैं डर गया। मैं खड़ा हुआ और भागा। मेरे चारों तरफ विमान के टुकड़े बिखरे पड़े थे। उड़ान भरने के तीस सेकंड बाद तेज आवाज हुई और फिर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह सब बहुत जल्दी हुआ।'' 
विश्वास कुमार ब्रिटिश नागरिक हैं और कुछ दिनों के लिए अपने परिवार से मिलने भारत आए थे। वह अपने भाई अजय कुमार रमेश (45) के साथ वापस लंदन जाने के लिए प्लेन में सवार थे। विश्वास के पास उनका बोर्डिंग पास भी मिला। उन्होंने कहा कि वह 20 साल से लंदन में रह रहे हैं और उनकी पत्नी और बच्चा भी लंदन में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनके भाई अजय के साथ विमान में अलग पंक्ति में बैठे थे। उन्होंने कहा, "हम दीव गए थे। वह मेरे साथ यात्रा कर रहे थे और अब मैं उन्हें नहीं ढूंढ पा रहा हूं। कृपया उन्हें ढूंढने में मेरी मदद करें।" 
विमान हादसे में घायल हुए लोगों को शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गुरुवार देर शाम तक पुलिस ने 204 लोगों के मरने की पुष्टि कर दी है और यह आंकड़ा अभी बढ़ सकता है।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments