मालदीव के राष्ट्रपति के बदले सुर तो सरकार ने भी की जोरदार अगवानी, पत्नी संग निहारा ताजमहल || योगेंद्र उपाध्याय रहे पूरे समय साथ
आगरा, 08 अक्टूबर। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पत्नी के साथ मंगलवार की सुबह ताजमहल देखने के बाद बोले- "मैं जितना सोचता था, ये तो उससे भी खूबसूरत है।"
चार दिवसीय भारत दौरे पर आए मुइज्जू ने विगत रात्रि नई दिल्ली में कहा कि उनके देश की 'मालदीव फर्स्ट' की नीति से भारत के संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मालदीव कभी भी ऐसा कुछ नहीं करेगा जिससे भारत की सुरक्षा को नुकसान पहुंचे। उनके बदले रुख का केंद्र सरकार ने भी स्वागत किया और मालदीव को चालीस करोड़ डॉलर की मदद देने का ऐलान कर दिया।
मुइज्जू सुबह आगरा पहुंचे। उन्होंने ताज की हिस्ट्री और लव स्टोरी जानी। ताजमहल की नक्काशी को बारीकी से देखा। खेरिया एयरपोर्ट पर प्रदेश सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने उनका स्वागत किया। यहां से वह शिल्पग्राम के लिए रवाना हुए। फिर गोल्फ कार्ट में बैठकर ताजमहल पहुंचे। सुबह 8:55 से 9:55 बजे तक का समय मोहम्मद मुइज्जू की ताजमहल यात्रा के लिए निर्धारित था। इसलिए सुबह आठ से 10 बजे तक ताजमहल में पर्यटकों की एंट्री रोक दी गई।
राष्ट्रपति मुइज्जू के ताजमहल पहुंचने से करीब आधा घंटा पहले सभी पर्यटकों को स्मारक से बाहर निकाल दिया गया। पूर्वी और पश्चिमी गेट पर बनी टिकट विंडो भी इस दौरान बंद रहीं। ताज का दीदार करने के बाद मुइज्जू सुबह 10:50 बजे आगरा एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पूरे समय उनके साथ रहे प्रदेश उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि भारत और मालदीव के मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत बनाए रखने के लिए यह ऐतिहासिक पल है।
_________________
Post a Comment
0 Comments