आगरा हॉकी एसोसियेशन ने स्टेडियम में मनाया जश्न, भारतीय हॉकी टीम की जीत पर खिलाड़ियों ने किया जमकर नृत्य
आगरा, 09 अगस्त। भारतीय हॉकी टीम के पेरिस ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतने पर यहां एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को आगरा हॉकी एसोसियेशन के तत्वावधान में जोरदार जश्न मनाया गया। एसोसियेशन के पदाधिकारियों, सदस्यों और हॉकी खिलाड़ियों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर नृत्य किया। इस दौरान सैकड़ों खिलाड़ियों को मिष्ठान्न वितरण भी किया गया। पूरा स्टेडियम भारत माता के जयकारे से गूंजता रहा।
इस अवसर पर हॉकी एसोसियेशन के अध्यक्ष डा. कमल चौधरी ने कहा कि देश के लिए यह गौरव की बात है कि हॉकी टीम ने 52 वर्ष बाद बैक टू बैक लगातार दो ओलिंपिक खेलों में कांस्य जीता। इससे पहले वर्ष 1968 और 1972 में भारत ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
एसोसियेशन के सचिव संजय गौतम ने कहा कि भारतीय टीम की यह उपलब्धि हॉकी खिलाड़ियों के लिए नई ऊर्जा का काम करेगी। उपाध्यक्ष संजय तिवारी ने कहा कि उभरते खिलाड़ियों को हॉकी में भविष्य बनाने की प्रेरणा मिलेगी। तकनीकी निदेशक डा जयशंकर यादव ने कहा कि भारतीय टीम की लगातार उपलब्धि ने हॉकी को संजीवनी प्रदान की है। महिला हॉकी सचिव मीनाक्षी घिल्डियाल, उपाध्यक्ष रीनेश मित्तल, संयुक्त सचिव अमरजीत सिंह, आगरा ओलिंपिक एसोसियेशन के अध्यक्ष डा हरि सिंह यादव, छावनी परिषद के खेल शिक्षक प्रशांत शुक्ला, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी हरदीप सिंह हीरा, उमेश अग्रवाल, लक्ष्मण सिंह, हॉकी प्रशिक्षक मोहम्मद खलील, आशा, मधु, खेल अधिकारी सविता श्रीवास्तव और स्टेडियम के सभी कोच के साथ सैंकड़ों खिलाड़ी मौजूद रहे।
जश्न शुरू होते ही उमड़े पूरे स्टेडियम के खिलाड़ी
जश्न शुरू होते ही पूरे स्टेडियम में मौजूद हर खेल के खिलाड़ी हॉकी मैदान में उमड़ पड़े। हॉकी मैदान में उत्सव जैसा नजारा उत्पन्न हो गया। थोड़ी देर में स्टीरियो पर गीत बजने शुरू हो गए और छोटे-बड़े सभी खिलाड़ी थिरकने लगे। बच्चे और लड़कियां भी पीछे नहीं रहे। जिधर देखो उधर ही नृत्य का मनमोहक दृश्य था। सभी ने नृत्य के साथ ही जमकर लड्डू भी खाए और एक दूसरे को बधाई दी।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments