पीवी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और एमएस स्वामीनाथन को भी भारत रत्न, पहली बार एक साथ पांच लोगों मिलेगा यह सम्मान, सांसद चाहर ने जताई खुशी
नई दिल्ली, 09 फरवरी। केंद्र सरकार ने पीवी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न (मरणोपरांत) देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को तीनों शख्सियतों को देश का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान देने की जानकारी सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों के साथ शेयर की।
इससे पहले तीन फरवरी को भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी और 23 जनवरी को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर (मरणोपरांत) को भारत रत्न देने का ऐलान किया गया था। ऐसा पहली बार हो रहा है कि एक साथ पांच लोगों को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है।
चौधरी चरण सिंह देश के पांचवें और नरसिम्हा राव नौवें प्रधानमंत्री थे। वहीं कृषि वैज्ञानिक स्वामीनाथन को हरित क्रांति का जनक कहा जाता है। प्रधानमंत्री की घोषणा पर चौधरी चरण सिंह के पोते और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी ने लिखा- दिल जीत लिया।
इस तरह इस साल पांच हस्तियों को यह सम्मान देने का ऐलान हो चुका है। इनके अलावा मोदी के कार्यकाल में मदन मोहन मालवीय, अटल बिहारी वाजपेयी, प्रणब मुखर्जी, भूपेन हजारिका और नानाजी देशमुख को यह सम्मान मिल चुका है। आज की तीन हस्तियों को मिलाकर इस सम्मान को हासिल करने वालों में अब तक कुल 53 लोग शामिल हो चुके हैं।
हर साल ज्यादा से ज्यादा तीन लोगों को ही भारत रत्न से सम्मानित करने की परंपरा रही है। यह पहला मौका है, जब एक साथ पांच लोगों को इस सम्मान से सम्मानित करने का ऐलान किया गया है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि पिछले कुछ सालों से किसी को भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया गया। अभी इस बात की घोषणा नहीं हुई है कि किस शख्सियत को किस साल के लिए यह पुरस्कार दिया जा रहा है।सबसे पहला सम्मान स्वतंत्र भारत के पहले गवर्नर जनरल चक्रवर्ती राजगोपालाचारी, पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन और वैज्ञानिक डॉक्टर चंद्रशेखर वेंकट रमन को वर्ष 1954 में दिया गया था। आखिरी बार ये सम्मान वर्ष 2019 में दिया गया था।
आगरा। फतेहपुरसीकरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद राजकुमार चाहर ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने पर हर्ष व्यक्त किया है। सांसद चाहर ने कहा कि किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर देशभर के किसानों में खुशी की लहर है। यह सम्मान करोड़ों किसानों के लिए एक गौरव का क्षण है और उनके योगदान को स्वीकार करने का प्रतीक है।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि एक किसान होने के नाते, मैं इस सम्मान से अत्यंत प्रसन्न हूं। चौधरी चरण सिंह जी किसानों के हितैषी थे और उन्होंने किसानों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अथक प्रयास किए। उनके विचार और नीतियां आज भी किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। यह सम्मान किसानों की शक्ति और उनके योगदान को दर्शाता है। यह किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। चौधरी चरण सिंह को देश के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा जाना हर किसान का सम्मान है।
___________________________________
Post a Comment
0 Comments