राष्ट्रीय नाट्य नृत्य महोत्सव "रंगोदय-2023" आगरा में 25 से
आगरा, 22 अक्टूबर। रंगमंच एवं ललित कलाओं के लिए 51 वर्षों से सतत गतिशील संस्था संस्कार भारती नाट्य केन्द्र द्वारा केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय, मिल्टन पब्लिक स्कूल एवं कला प्रेमियों के सहयोग से 19वाँ राष्ट्रीय नाट्य नृत्य महोत्सव का आयोजन 25 से 29 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। भारत रत्न लता मंगेशकर की स्मृति में आयोजित यह "रंगोदय-2023" मिल्टन पब्लिक स्कूल, अवधपुरी में आयोजित होगा।
रविवार को आयोजकों ने संजय प्लेस स्थित एक रेस्तरां में पत्रकारों को यह जानकारी दी। डॉ. राहुल राज ने बताया कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान, भारतीय लोक संस्कृति को समर्पित इस आयोजन में 14 प्रान्तों के 35 नाट्य एवं नृत्य दल और उनसे जुड़े 500 कलाकार भाग लेंगे। इस अवसर पर लघु नाटक, नुक्कड़ नाटक, लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता के साथ राष्ट्रीय सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जायेगा। सम्मान समारोह में रंगमंच, नृत्य, संगीत, साहित्य, समाज सेवा, शिक्षा, चित्रकला, पत्रकारिता आदि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 51 विभूतियों को सम्मानित किया जायेगा।
केशव प्रसाद सिंह ने बताया कि मिल्टन पब्लिक स्कूल अवधपुरी के जगदीश प्रेक्षाग्रह में 25 अक्टूबर 2023 शाम छह बजे रंगग्राम का उद्घाटन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय होंगे। 26 से 28 अक्टूबर तक प्राप्तः 11 बजे से नृत्य प्रतियोगिता तथा शाम छह बजे से नाट्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। इन्हीं तीनों दिन आगरा के चयनित स्थानों पर प्राप्तः 11 बजे नुक्कड़ नाटकों का प्रदर्शन भी किया जायेगा।
स्वामी दास अरोड़ा ने बताया कि 29 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से राजा मण्डी रेलवे स्टेशन से रंग-जुलूस आरम्भ होगा। यह रंग जूलूस दिल्ली गेट, बाग फरजाना, चर्च रोड, सूरसदन होता हुआ कम्प्यूटर मार्केट, संजय प्लेस से होकर शहीद स्मारक तक जायेगा। वहां समापन कार्यक्रम होगा। शाम छह बजे से मिल्टन पब्लिक स्कूल में रंगोदय के समापन कार्यक्रम के तहत चयनित नाटक, लोक नृत्यो, शास्त्रीय नृत्य होगा और सम्मान समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। महोत्सव संयोजक अजय दुबे ने बताया विभिन्न नाट्य दल धनबाद, जमशेदपुर, बरियापुर, वाराणसी, बड़ौदा, कोलकता, बरेली, गिरडीह, दिल्ली, जयपुर, असम, शाहजहांपर, नहान, भोपाल आदि स्थानों से भाग लेंगे। अध्यक्ष पंकज ने बताया कि नृत्य दलों में मणिपुर, कटक, भुसावल, साहिबगंज, संबलपुर, गुवाहाटी, सहारनपुर, कटनी, अलीगढ़, अजमेर, उज्जैन, असम आदि से कलाकार भाग लेंगे।
___________________________
Post a Comment
0 Comments