सिकंदरा क्षेत्र में पाराशर गार्डन के सामने डिवाइडर पर मिला युवक का शव

आगरा, 18 नवम्बर। थाना सिकंदरा क्षेत्र में बाबूजी चौराहे के नजदीक पाराशर गार्डन के सामने बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क के बीच बने डिवाइडर पर लगे पेड़-पौधों और झाड़ियों के बीच एक युवक का शव पड़ा मिला। 
सड़क से गुजर रहे राहगीरों की नजर जब झाड़ियों के बीच पड़े शव पर पड़ी तो इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक का शव डिवाइडर के बीच लगे पेड़-पौधों के नीचे पड़ा हुआ था। आसपास हरियाली और झाड़ियां होने के कारण शव पहली नजर में आसानी से दिखाई नहीं दे रहा था। सुबह टहलने निकले लोगों ने इसे देखकर पुलिस को सूचना दी।  सूचना मिलते ही थाना सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव करीब एक-दो दिन पुराना बताया जा रहा है। उससे दुर्गंध आ रही थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक घटना स्थल के पास सड़क पर पान मसाले की दुकान लगाता था। वह रोज इस इलाके में आता-जाता था, लेकिन पिछले दो दिन से दिखाई नहीं दिया था। पुलिस उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। युवक डिवाइडर के बीच पेड़-पौधों तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
युवक की मौत को लेकर हत्या और आत्महत्या समेत विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ मामले की पड़ताल में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments