दलित सम्मेलन से पहले आगरा में पोस्टर विवाद, सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़े पोस्टर
आगरा, 15 नवम्बर। समाजवादी पार्टी के आज रविवार को प्रस्तावित दलित सम्मेलन से पहले शहर में सियासी माहौल गरमा गया है। पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में होने वाले सम्मेलन से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के खिलाफ लगाए गए विवादित पोस्टरों को लेकर हंगामा हो गया।
पोस्टरों में अखिलेश यादव और आजम खान के पुराने बयानों का जिक्र किया गया था। जानकारी मिलने पर सपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पोस्टरों को हटाकर फाड़ दिया। पोस्टर हटाने के दौरान कुछ कार्यकर्ता खंभे पर चढ़ गए और वहां लगे पोस्टरों को नीचे उतारकर फाड़ दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शहर के कुछ स्थानों पर सपा और अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर लगाए गए थे। पोस्टरों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। इसके बाद रिंकू यादव, विपिन आशु और राघवेंद्र ठाकुर समेत कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पोस्टर उतारकर फाड़ दिए।
समाजवादी पार्टी की ओर से आज 15 नवंबर को जीआईसी मैदान में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का विशाल दलित सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल होंगे।
पार्टी इस सम्मेलन के जरिए दलित समाज के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के मुद्दे को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में सम्मेलन से ठीक पहले पोस्टर लगाए जाने और फिर फाड़े जाने की घटना ने शहर की राजनीतिक गतिविधियों को चर्चा में ला दिया है।
हालांकि, पोस्टर किसने लगवाए थे और इसके पीछे किसका हाथ था, इसकी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। पोस्टर लगाने वालों की पहचान और इस मामले में किसी पक्ष की औपचारिक प्रतिक्रिया भी स्पष्ट नहीं है।
अब सबकी नजर जीआईसी मैदान में होने वाले सम्मेलन और वहां अखिलेश यादव के संबोधन पर रहेगी।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments