संजय प्लेस में दुकानों से लाखों का माल पार, सुभाष बाजार में ई-रिक्शा चालक 40 हजार की साड़ियां लेकर फरार

आगरा, 18 नवम्बर। शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। संजय प्लेस और सुभाष बाजार में हुई वारदातों ने व्यापारियों और खरीददारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ शू मार्केट में रात के अंधेरे में दुकानों का ताला तोड़कर लाखों का सामान चोरी कर लिया गया, तो दूसरी तरफ दिनदहाड़े सुभाष बाजार में ई-रिक्शा चालक महिला व्यापारी की 40 हजार रुपये की साड़ियां लेकर रफूचक्कर हो गया।
संजय प्लेस के ब्लॉक-25 में दो दुकानों में चोरी
शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र संजय प्लेस स्थित ब्लॉक-25 शू मार्केट में चोरों ने बीते 15 और 16 नवंबर की रात दो दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने शॉप नंबर-10 (द्वितीय तल) का ताला तोड़कर AC, कंप्यूटर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। वहीं, शॉप नंबर-18 (द्वितीय तल) का AC काटकर अपने साथ ले गए। लगातार दो दुकानों में हुई चोरी से पूरे बाजार के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि ब्लॉक में संचालित चाय की दुकान पर देर रात तक शराब पीने वाले लोगों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे बाजार का माहौल खराब होने के साथ ही चोरी की आशंका बढ़ती है। व्यापारियों का कहना है कि रात के समय बाजार की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है और चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
व्यापारियों ने थाना अध्यक्ष, कमिश्नरेट आगरा, हरिपर्वत से मांग की है कि चोरी की घटनाओं की जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए तथा ब्लॉक-25 में नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए। देर रात तक होने वाले संदिग्ध जमावड़े पर भी कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत पर हस्ताक्षर करने वालों में मोहित राठौर, सीएस आमोद सोलंकी, अनुज अग्रवाल, सतीश कुशवाह, विवेक शर्मा और अभिनव जैन शामिल हैं।
सुभाष बाजार में महिला व्यापारी को लगाया चूना
दूसरी घटना थाना मंटोला क्षेत्र के सुभाष बाजार की है। यहां खरीदारी करने आई महिला व्यापारी को ई-रिक्शा चालक ने हजारों रुपये का चूना लगा दिया। शाहगंज के बालाजीपुरम निवासी बेबी शर्मा के मुताबिक, वह 15 नवंबर को साड़ी खरीदने के लिए सुभाष बाजार आई थीं। खरीदारी के बाद उन्होंने एक ई-रिक्शा चालक से किराया तय किया और करीब 40 हजार रुपये की साड़ियां उसमें रखवा दीं। इसके बाद वह दुकान से दूसरा सामान लेने चली गईं। आरोप है कि इसी दौरान मौका पाकर ई-रिक्शा चालक साड़ियों समेत फरार हो गया। वापस लौटने पर ई-रिक्शा गायब देख महिला के होश उड़ गए।
पीड़िता ने थाना मंटोला पहुंचकर पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने ई-रिक्शा चालक की तलाश कर साड़ियां बरामद कराने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ई-रिक्शा और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments