आगरा में गैस उपभोक्ताओं पर दोहरी मार, सीएनजी दो रुपये और पीएनजी एक रुपये महंगी हुई
आगरा, 25 नवम्बर। जिले में गैस उपभोक्ताओं पर दोहरी मार पड़ी है। एक ओर सीएनजी वाहन चालकों को अब दो रुपये महंगी गैस मिलेगी, वहीं घरों में उपयोग होने वाली पीएनजी के दामों में भी एक रुपये की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। लगातार बढ़ रही गैस की कीमतों ने आम आदमी की परेशानी बढ़ा दी है।
सीएनजी की कीमत में एक माह के भीतर ही जिले में दूसरी बार वृद्धि की गई है। सीएनजी की दरें अब 108 रुपये से बढ़कर 110 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं पीएनजी की दरें 56.50 रुपये से बढ़कर 57.50 रुपये हो गईं हैं।
ग्रीन गैस लिमिटेड के विपणन अधिकारी किशन सिंह ने इस बढ़ोत्तरी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि वैश्विक स्तर पर ईंधन के दामों में वृद्धि और डॉलर मूल्यों में उथल-पुथल और गैस की उपलब्धता सीमित होने के कारण यह वृद्धि करनी पड़ी है।
छह माह में 14.25 रुपये की बढ़ोत्तरी
बता दें इससे पहले सीएनजी के दामों में विगत एक नवम्बर को एक रुपये प्रति किलो की बढ़ोत्तरी की गई थी। सीएनजी के दामों में पिछले छह महीनों में लगातार इजाफा हुआ है। छह महीने पहले आगरा में सीएनजी का रेट 95.25 रुपये प्रति किलो था। अब यह बढ़कर 110 रुपये हो गया है, यानि महज आधे साल में 14.25 रुपये प्रति किलो की बढ़ोत्तरी हो चुकी है।
हजारों घरों का रसोई बजट होगा प्रभावित
उधर पीएनजी में एक रुपये की इस वृद्धि से शहर के हजारों घरों का रसोई बजट प्रभावित होगा। पीएनजी का उपयोग मुख्य रूप से खाना बनाने और पानी गर्म करने आदि के लिए होता है। कीमत बढ़ने से मध्यम वर्गीय परिवारों पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा, जिनका पूरा मासिक बजट पहले से ही महंगाई की मार झेल रहा है। गृहणियों को अब रसोई का खर्च संभालने के लिए और ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी।
जिन परिवारों में रोजाना ज्यादा गैस की खपत होती है, संयुक्त परिवार हैं या छोटे होटल-टिफिन का काम होता है, उनके लिए यह बढ़ोतरी और भी ज्यादा बोझ बनेगी।
कई लोगों ने एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और बार-बार बुकिंग की झंझट से बचने के लिए पीएनजी कनेक्शन लिया था। पीएनजी को सुविधाजनक और अपेक्षाकृत सस्ता माना जाता था। लेकिन अब पीएनजी के दामों में भी लगातार हो रही वृद्धि से यह राहत धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है।
बढ़ेगा समग्र घरेलू खर्च
विशेषज्ञों का कहना है कि गैस की कीमत बढ़ने का असर केवल रसोई तक सीमित नहीं रहेगा। जिन घरों में सीएनजी वाहन भी हैं, वहां दोहरी मार पड़ेगी। एक तरफ वाहन चलाना महंगा होगा, दूसरी तरफ खाना बनाना भी। ऐसे में आम परिवारों को अपने अन्य खर्चों में कटौती करनी पड़ सकती है।
पहले लोग पेट्रोल के मुकाबले सीएनजी को सस्ता विकल्प मानते थे, लेकिन लगातार बढ़ोत्तरी के बाद अब सीएनजी सामान्य पेट्रोल से भी महंगी हो चुकी है। इससे सीएनजी वाहन होने का फायदा लगभग खत्म होता जा रहा है। रोजाना सफर करने वाले, ऑटो-टैक्सी चालक, स्कूल वैन संचालक और छोटे कारोबारी सभी प्रभावित होंगे। बढ़ती कीमतों ने उन लोगों की चिंता बढ़ा दी है, जिन्होंने कम खर्च के चक्कर में सीएनजी वाहन खरीदे थे।
___________________________________

Post a Comment
0 Comments