कमला नगर में चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, महिला समेत तीन गिरफ्तार
आगरा, 05 नवंबर। थाना कमला नगर क्षेत्र में हुई चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया। कमला नगर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी भी फरार है।
फेरी के बहाने करते थे रेकी
पुलिस जांच में गिरोह के काम करने के अनोखे और शातिर तरीके का खुलासा हुआ है। आरोपी शंकर, सुनील और उनकी महिला साथी दिन के समय कॉलोनियों में सामान बेचने या फेरी लगाने के बहाने घूमते थे और बंद मकानों की पहचान कर रेकी करते थे। रात में मौका देखकर वे बंद मकानों को निशाना बनाते थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों का नेटवर्क केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है। पूछताछ में सामने आया है कि इस गिरोह ने उत्तराखंड में भी इसी अंदाज में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का ब्योरा खंगाल रही है।
फरार आरोपी की तलाश में एसओजी की दबिश
मामले में शामिल एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और थाना कमला नगर पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे भी हिरासत में ले लिया जाएगा।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments