महर्षि पुरम में थार की स्टंटबाजी, साइकिल सवार को टक्कर मारकर आरोपी फरार
आगरा, 18 नवंबर। थाना सिकंदरा क्षेत्र की पॉश कॉलोनी महर्षिपुरम में सफेद रंग की थार कार सवार युवकों की स्टंटबाजी ने सड़क पर जाते एक साइकिल सवार की जान जोखिम में डाल दी। मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार में स्टंट कर रही थार का अचानक संतुलन बिगड़ गया और उसने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद थार सवार युवक मौके से फरार हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में सफेद रंग की थार कार सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती और स्टंट करती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि स्टंट के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और थार की चपेट में साइकिल सवार आ गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद कार सवार युवक मौके पर रुकने के बजाय फरार हो गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिहायशी इलाके में इस तरह तेज रफ्तार से वाहन चलाना और स्टंट करना आम लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा है। कॉलोनी की सड़कों पर बच्चे, बुजुर्ग, साइकिल सवार और अन्य लोग आते-जाते रहते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार से वाहन चलाना किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है। फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और साइकिल सवार की स्थिति को लेकर जानकारी सामने आना बाकी है। वीडियो वायरल होने के बाद अब सबकी निगाहें आगरा पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments