खराब मशीन देने पर डीलर-निर्माता को झटका, उपभोक्ता आयोग के आदेश पर मिली नई मशीन और मुआवजा

आगरा, 17 नवम्बर। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग-प्रथम ने उपभोक्ता के पक्ष में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए खराब मशीन देने वाले डीलर और निर्माता कंपनी पर अनुचित व्यापार व्यवहार के लिए कार्रवाई की है। आयोग के आदेश के बाद डीलर ने पीड़ित उपभोक्ता को नई मशीन और मुआवजे की राशि सौंप दी है।
यह मामला ग्वालियर रोड, रोहता स्थित ओम मोटर्स के मालिक राजकुमार से जुड़ा है। परिवादी ने 12 दिसंबरz 2021 को सिकंदरा स्थित एक्सिस टूल्स एंड इक्विपमेंट्स (डीलर) और नैनाटेक इलेक्ट्रॉनिक्स (निर्माता) से 1,12,100 रुपये में एक इन्फ्रारेड ड्रायर खरीदा था। जब मशीन की डिलीवरी हुई, तो ड्रायर की रॉड टूटी हुई निकली।
डीलर ने आश्वासन दिया था कि एक महीने के अंदर निर्माता कंपनी से नया पार्ट मंगाकर बदल दिया जाएगा, लेकिन कई बार शिकायत करने, ईमेल भेजने और कानूनी नोटिस देने के बाद भी न तो मशीन बदली गई और न ही पैसे वापस किए गए।
आयोग के अध्यक्ष सर्वेश कुमार और सदस्य राजीव सिंह ने मामले की सुनवाई करते हुए इसे अनुचित व्यापार व्यवहार और सेवा में कमी माना।
फोरम ने 14 अगस्त को दिए गए निर्णय में आदेश दिया कि 45 दिन के भीतर परिवादी को नया इन्फ्रारेड ड्रायर दिया जाए या फिर 12 दिसंबर 2021 से छह प्रतिशत साधारण ब्याज के साथ मशीन की पूरी कीमत वापस की जाए। इसके अलावा मानसिक पीड़ा के मुआवजे के रूप में 10,000 रुपये और वाद व्यय के लिए 5,000 रुपये देने का भी आदेश दिया गया।
आयोग के सख्त आदेश के अनुपालन में गत दो नवंबर को डीलर द्वारा उपभोक्ता को नया इन्फ्रारेड ड्रायर सौंप दिया गया और खराब मशीन वापस ले ली गई। साथ ही हर्जाने और खर्च के तौर पर 15,000 रुपये का भुगतान चेक के माध्यम से परिवादी को कर दिया गया।
उपभोक्ता को नया उत्पाद और हर्जाना मिलने के बाद आयोग ने पूर्ण संतुष्टि मानते हुए इस मामले की कार्यवाही समाप्त कर दी।
__________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments