कर्मचारियों के आक्रोश के आगे बैकफुट पर नगर निगम प्रशासन, महापौर और नगर आयुक्त ने की वार्ता

आगरा, 16 नवम्बर। नगर निगम के आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को निजी कंपनी के हवाले किए जाने की प्रस्तावित प्रक्रिया को लेकर सोमवार को कर्मचारियों का आक्रोश सामने आया। 
खबरों के अनुसार, रोजगार छिनने की आशंका से नाराज सैकड़ों सफाई कर्मचारी सुबह नगर निगम परिसर में एकत्र हुए और जोरदार नारेबाजी करते हुए नगर आयुक्त कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों और नगर निगम अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। इससे आक्रोशित कर्मचारी नेताओं के नेतृत्व में कर्मचारी निगम गेट पर ही धरने पर बैठ गए। कई घंटे तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा। कर्मचारियों की मांग थी कि आउटसोर्सिंग के नाम पर उन्हें किसी निजी कंपनी के हवाले करने की प्रक्रिया रोकी जाए और रोजगार की सुरक्षा की गारंटी दी जाए।
बताया गया है कि घंटों चले गतिरोध के बाद नगर निगम प्रशासन ने शाम चार बजे महापौर हेमलता दिवाकर और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के साथ कर्मचारी नेताओं की वार्ता कराई। इसके बाद प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने नगर निगम परिसर खाली किया।
महापौर की अध्यक्षता में हुई वार्ता, नगर आयुक्त ने दिया भरोसा
महापौर हेमलता दिवाकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कर्मचारी संगठनों की ओर से विनोद इलाहाबादी, हरिबाबू वाल्मीकि, मोहन गुलजार, सूरज पहलवान, सिकंदर सिंह वाल्मीकि, सुंदर बाबू चंचल, चौधरी संतोष डागौर सहित अन्य नेता शामिल हुए। बैठक में नगर आयुक्त ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि किसी भी कर्मचारी का अहित नहीं होने दिया जाएगा। वहीं कर्मचारी नेताओं का कहना है कि मंगलवार सुबह तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद टेंडर निरस्त कर दिया जाएगा।
वादाखिलाफी हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निगम अधिकारियों ने कर्मचारियों के साथ छलावा किया अथवा रोजगार सुरक्षा को लेकर दिए गए आश्वासन से पीछे हटे तो कर्मचारी चुप नहीं बैठेंगे। जरूरत पड़ी तो नगर निगम में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल पूरा मामला अब टेंडर के भविष्य पर आकर टिक गया है। मंगलवार सुबह होने वाली कार्रवाई से ही स्पष्ट होगा कि कर्मचारियों को वास्तव में राहत मिलती है या आंदोलन का अगला अध्याय शुरू होता है।
_____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments