Agra News: खबरें आगरा की......
पीएम मोदी के स्वास्थ्य व दीर्घायु के लिए आगरा में नौ दिवसीय देश शांति महायज्ञ
आगरा, 16 नवम्बर। अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में 17 से 25 नवंबर तक कमला नगर के श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में देश शांति व विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन पूज्य मुनि श्री समत्वसागर एवं ससंघ के मंगल सान्निध्य में होगा। भगवान महावीर स्वामी के चरणों में प्रार्थना की जाएगी कि पीएम नरेंद्र मोदी को राष्ट्र के कल्याण के लिए निरंतर शक्ति मिले और भारत विश्व में शांति व सद्भाव का अग्रदूत बने। साथ ही विपक्ष को सद्बुद्धि, हिंसा-अशांति की समाप्ति और देश में सुख-शांति, प्रेम व भाईचारे की स्थापना के लिए भी मंगलकामना की जाएगी। सत्रह नवंबर को सुबह 7:30 बजे घटयात्रा, रथयात्रा व शोभायात्रा के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा, इसके बाद सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण, मंच उद्घाटन और मुनिराज के प्रवचन होंगे।
__________________________________________
हेल्प आगरा के बेड़े में जुड़ी आधुनिक ईको एम्बुलेंस
आगरा, 16 नवंबर। शहर में सेवा कार्य कर रही हेल्प आगरा संस्था के एम्बुलेंस बेड़े में सोमवार को एक और आधुनिक ईको एम्बुलेंस शामिल हुई। यह एम्बुलेंस समाजसेवी दीपक कुमार लोहिया की पहल पर जेके सीमेंट की ओर से भेंट की गई।
हेल्प आगरा भवन पर एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया। आशीष श्रीवास्तव व मनोज चतुर्वेदी ने एम्बुलेंस की चाबी संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन व महामंत्री गौतम सेठ को सौंपी। साथ ही हेल्प आगरा हॉस्पिटल पर समाज के दानदाताओं के सहयोग से स्थापित हो रहे 40 किलोवाट के सोलर प्लांट में पांच लाख रुपये का योगदान भी किया।
अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने कहा कि इस एम्बुलेंस के मिलने से हेल्प आगरा की आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा और सशक्त बनेगी। एम्बुलेंस सेवा के अशोक बंसल के अनुसार, इस एम्बुलेंस के मिलने से संस्था के पास कुल 13 एम्बुलेंस हो गई हैं। इस मौके पर नूपुर लोहिया, उपाध्यक्ष अजय मित्तल, विशेष बंसल, नरेश जैन, नितिन अग्रवाल, राजीव गुप्ता, नंदकिशोर गोयल, ओपी गोयल, राजीव जैन व डॉ. मोहित गुप्ता उपस्थित रहे।
__________________________________________
फतेहपुर सीकरी में भाजपा महिला मोर्चा की नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
आगरा, 16 नवम्बर। फतेहपुर सीकरी स्थित ऋद्धि सिद्धि रिसोर्ट में रविवार को भाजपा महिला मोर्चा की नव निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मनीषा सिंह ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक नेतृत्व करने का अधिकार दिया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी की गतिविधियों में एकजुट होकर सहयोग करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद ग्रहण करने के बाद से ही महिलाओं के हित में ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। महिलाओं के बचत खाते खुलवाना हो, गैस सिलिंडर उपलब्ध कराना हो, आंगनबाड़ियों को स्वावलंबी बनाना हो या स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना हो, हर क्षेत्र में महिलाओं को सशक्त किया गया है।
आयोजन भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष पूनम अग्रवाल द्वारा किया गया। महिला मोर्चा की पदाधिकारी मनीषा जैन, मीना देवी, मीना गुप्ता, आशा देवी, सुधा बघेल, डॉ. सरला, अनुपमा चौहान, पूजा शर्मा, राजेश्वरी सहित फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी, जिले के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी व मंडल कार्यकारिणी मौजूद रही।
__________________________________________
एमजी रोड पर लगेगी राणा सांगा की भव्य अश्वारोही प्रतिमा, 17 को भूमि पूजन
आगरा, 16 नवम्बर। महान योद्धा राणा सांगा की प्रतिमा एमजी रोड स्थित स्पीड कलर लैब तिराहा (एचआईजी फ्लैट के सामने) पर लगाई जा रही है। इसका भूमि पूजन 17 नवंबर lमंगलवार को किया जाएगा।
भाजपा पार्षद शरद चौहान के अनुसार, प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने राणा सांगा की अश्वारोही प्रतिमा के लिए 29 लाख रुपये आवंटित किए हैं। इसका निर्माण लखनऊ में अंतिम चरण में है। करीब 18 टन वजन की यह प्रतिमा कांस्य से तैयार की गई है और 12 फीट ऊंची होगी। नगर निगम द्वारा 16 लाख रुपये से प्रतिमा स्थल का फाउंडेशन बनाया जा रहा है। स्पीड कलर लैब तिराहे पर शहीद स्मारक गेट के सामने पार्क में, एमजी रोड के किनारे बने बस स्टॉपेज की जमीन से 10 फीट ऊंचा फाउंडेशन तैयार होगा। इसमें ग्रेनाइट का चबूतरा बनेगा और स्टील की रेलिंग लगाई जाएगी। नगर निगम की ओर से प्रतिमा स्थल के फाउंडेशन का शुभारंभ महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा द्वारा 17 नवंबर को सुबह 11 बजे स्पीड कलर लैब तिराहे पर किया जाएगा। निर्माण कार्य का भूमि पूजन विधि-विधान से किया जाएगा।
__________________________________________
एसएन मेडिकल कॉलेज में चार साल के बच्चे की आहार नली से निकाली घंटीनुमा वस्तु
आगरा, 16 नवम्बर। एसएन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने डाउन सिंड्रोम से पीड़ित चार वर्षीय बच्चे की आहार नली में फंसी घंटीनुमा वस्तु को सफल ऑपरेशन कर बाहर निकाल दिया। बच्चा पिछले पांच दिनों से कुछ भी ठीक से निगल नहीं पा रहा था।
परिजन उसे एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। एक्स-रे में आहार नली के ऊपरी हिस्से में क्रिकोफैरिंक्स के स्तर पर वस्तु फंसी दिखाई दी। ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. ऋतु गुप्ता और डॉ. अखिल प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में डॉ. सौम्यता ने ऑपरेशन किया। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. मिहिर और डॉ. नीतिका की टीम ने सहयोग किया। ऑपरेशन के बाद बच्चा स्वस्थ है और सामान्य रूप से भोजन निगल पा रहा है। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने टीम को बधाई दी। चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की कि छोटे बच्चों को सिक्के, बटन, बैटरी जैसी छोटी वस्तुओं से दूर रखें और निगलने में परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments