आगरा मास्टर प्लान-2031 के तहत जोनल प्लान तैयार करने की प्रक्रिया तेज, सर्वे शुरू, आधारभूत सुविधाओं का आकलन

आगरा, 16 नवम्बर। आगरा विकास प्राधिकरण ने आगरा मास्टर प्लान-2031 के अंतर्गत जोनल डेवलपमेंट प्लान तैयार कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके लिए चयनित कंसल्टेंट संबंधित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर मौजूदा विकास, भूमि उपयोग, सड़क नेटवर्क और आधारभूत सुविधाओं का आकलन कर रहा है। सर्वे के आधार पर प्रत्येक जोन की स्थानीय जरूरतों और भविष्य के विकास को ध्यान में रखते हुए जोनल प्लान तैयार किया जाएगा।
जोनल प्लान के माध्यम से मास्टर प्लान में निर्धारित व्यापक भूमि उपयोग को छोटे-छोटे नियोजन खंडों (सब-सेगमेंट) में बांटकर अधिक स्पष्ट रूप दिया जाएगा। इससे अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरत, मौजूदा गतिविधियों, सड़क की चौड़ाई, पहुंच, यातायात और आधारभूत सुविधाओं के अनुसार भूमि उपयोग तथा विकास संबंधी प्रावधान तय करने में मदद मिलेगी। इसके तहत आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक, संस्थागत और अन्य अनुमन्य गतिविधियों का जोन स्तर पर विस्तृत नियोजन किया जाएगा।
सड़क नेटवर्क की भी बनेगी योजना
जोनल प्लान में सड़क नेटवर्क का नियोजन भी महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। मौजूदा सड़कों की स्थिति और कनेक्टिविटी के आकलन के साथ भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सड़क नेटवर्क की योजना बनेगी। आवश्यकता के अनुसार जोन के भीतर छोटी संपर्क सड़कों और आंतरिक मार्गों के प्रस्ताव भी शामिल किए जा सकते हैं, ताकि आवासीय व अन्य क्षेत्रों के बीच बेहतर आवागमन और कनेक्टिविटी विकसित हो सके। इन प्रस्तावों का निर्धारण स्थानीय परिस्थितियों, उपलब्ध भूमि और नियोजन मानकों के आधार पर होगा।
आवासीय से व्यावसायिक भू-उपयोग परिवर्तन का भी होगा आकलन
जोनल प्लान तैयार करते समय आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों की जरूरत और आवासीय भू-उपयोग को व्यावसायिक में बदलने की संभावनाओं का भी आकलन किया जाएगा। इसमें सड़क की चौड़ाई, क्षेत्र की पहुंच, आसपास की गतिविधियों, यातायात, पार्किंग और आधारभूत सुविधाओं जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा।
हालांकि, आवासीय भूमि पर व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति अथवा भू-उपयोग परिवर्तन स्वतः नहीं होगा। इसके लिए स्वीकृत मास्टर प्लान, अंतिम स्वीकृत जोनल प्लान, लागू नियमों और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के अनुरूप ही निर्णय लिया जाएगा।
जोनल प्लान के स्वीकृत होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में विकास एवं निर्माण गतिविधियों की अनुमति मास्टर प्लान-2031, स्वीकृत जोनल प्लान, निर्धारित भूमि उपयोग और लागू भवन उपविधियों के अनुसार दी जाएगी। इससे भूमि स्वामियों, निवेशकों और निर्माणकर्ताओं को संबंधित क्षेत्र में अनुमन्य गतिविधियों की अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
______________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments