Agra News: खबरें आगरा की......

विश्व मधुमेह दिवस पर जनजागरूकता और नियमित जांच का आह्वान
आगरा, 13 नवम्बर। विश्व मधुमेह दिवस- 14 नवंबर के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने जनपदवासियों से मधुमेह (डायबिटीज) के प्रति जागरूक रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की है। इस वर्ष की थीम है - "Early Action on Diabetes."
सीएमओ ने कहा कि मधुमेह एक ऐसी बीमारी है, जिसका समय पर पता लगाकर और नियमित उपचार एवं जीवनशैली में बदलाव करके प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है। मधुमेह के प्रति लापरवाही आंखों, गुर्दे, हृदय एवं नसों को प्रभावित कर सकती है। इसलिए 30 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों तथा जोखिम वाले लोगों को समय-समय पर ब्लड शुगर एवं अन्य गैर संचारी रोगों की जांच अवश्य करानी चाहिए।
वर्तमान में जनपद पूरे प्रदेश में एनसीडी और मधुमेह की स्क्रीनिंग में तृतीय स्थान पर है। जनपद में जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय आगरा, 18 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 30 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, 237 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत लोगों को मुफ्त जांच एवं इलाज की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
______________________________________
सपा के दलित सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जनसभा और जनसंपर्क अभियान चलाया
आगरा, 13 नवम्बर। यहाँ पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान पर 15 नवंबर को प्रस्तावित सपा के दलित सम्मेलन को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को अलबतिया-जयनगर में जनसभा और जनसंपर्क अभियान चलाया गया।
सम्मेलन को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव संबोधित करेंगे। संयोजन सांसद रामजीलाल सुमन करेंगे।
जनसभा में पार्टी के नेता विनय अग्रवाल ने कहा, हर पीड़ित, दुखी और अपमानित व्यक्ति दलित है। यह सम्मेलन सामाजिक न्याय, सम्मान और अधिकारों की आवाज है। यह लोकतंत्र, वोट और संविधान बचाने की लड़ाई है।
जनसभा में एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल, पूर्व एमएलसी डॉ. असीम यादव, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास मौजूद रहे। बाद में जवाहरपुरम, जयनगर, पुष्प नगर और अलबतिया में पंपलेट बांटकर लोगों से पहुंचने की अपील की गई।
______________________________________
आगरा में निकली चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा
आगरा, 13 नवम्बर। छीपीटोला स्थित पार्श्वधाम में श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान के चौथे दिन शुक्रवार को शहर में चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा निकाली गई।
मुनि श्री 108 समत्व सागर, शील सागर और सुप्रभात सागर के सान्निध्य में निकली शोभायात्रा पारस धाम से शुरू होकर आईजी ऑफिस, बालूगंज, बैकुंठी देवी कॉलेज, ओलिया रोड होते हुए छीपीटोला से वापस पारस धाम पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में ढोल-नगाड़े, घोड़े-ऊंट, जैन ध्वजा, महाकाल नृत्य, मयूर नृत्य, 2 झांकी और 4 बैंड आकर्षण का केंद्र रहे। बग्गियों पर सौधर्म इंद्र, कुबेर इंद्र, महायज्ञनायक, यज्ञनायक इंद्र, ईशान इंद्र, महेंद्र इंद्र, सनत इंद्र, ब्रह्म इंद्र समेत इंद्र-इंद्राणियां सवार थीं। सौधर्म इंद्र श्वेत रथ पर विराजमान थे। बैंड की धुन पर महिलाएं भजनों पर झूमती नजर आईं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तिभाव से शामिल हुए।
______________________________________
आगरा में डेंगू के चार नए मरीज, इनमें दो बच्चे शामिल
आगरा, 13 नवम्बर। सर्दी शुरू होने के बावजूद शहर में डेंगू का खतरा कम नहीं हुआ है। गुरुवार को 17 संदिग्ध मरीजों के नमूनों की जांच में चार में डेंगू की पुष्टि हुई है, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि तेज बुखार और मांसपेशियों में दर्द वाले मरीजों की जांच कराई गई थी। चारों मरीजों का घर पर ही इलाज चल रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि अभी दो से तीन सप्ताह तक डेंगू का खतरा बना रहेगा। जिले में अब तक डेंगू के कुल 32 मरीज हो चुके हैं। पहले के सभी मरीज ठीक हो चुके हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बाहर का तापमान कम होने से मच्छर घरों के कोनों और पर्दों के पीछे छिप रहे हैं। इसलिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और आसपास गंदगी न रहने दें।
______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments