Agra News: खबरें आगरा की......
ताजमहल सुरक्षा की समीक्षा बैठक संपन्न, ब्लाइंड स्पॉट पर लगेंगे CCTV
आगरा, 14 नवम्बर। ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा हेतु स्थायी समिति की बैठक सर्किट हाउस में संपन्न हुई। बैठक में परिसर में लगे उपकरणों, सर्विलांस सिस्टम, एंटी ड्रोन सिस्टम, सीसीटीवी और स्कैनर की क्रियाशीलता की समीक्षा की गई।
बैठक में परिसर के बाहर इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम बनाने, सभी ब्लाइंड स्पॉट चिह्नित कर सीसीटीवी लगाने, पार्किंग व्यवस्था और बंदरों की समस्या पर चर्चा हुई। स्वीकृत जनशक्ति के सापेक्ष शत-प्रतिशत तैनाती, कर्मियों के प्रशिक्षण, न्यायालय आदेशों के अनुपालन और संविदा कर्मियों के सत्यापन/सुरक्षा ऑडिट पर भी समीक्षा हुई। रजिस्टर्ड और नॉन रजिस्टर्ड गाइडों के लिए अलग-अलग रंग के पहचान पत्र सुनिश्चित करने और सुरक्षा व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। समिति ने ताजमहल परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा भी लिया।
बैठक में डीजी (सुरक्षा) अमरेंद्र के. सेंगर, अपर निदेशक आईबी विनीता शर्मा, आईजी सीआईएसएफ नवज्योति गोगोई, जिलाधिकारी मनीष बंसल, अपर आयुक्त पुलिस सचिन्द्र पटेल समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
________________________________________
ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर आतंकी हमले की मॉक ड्रिल
आगरा, 14 नवम्बर। आगरा मेट्रो के ताजमहल स्टेशन पर शनिवार को आतंकी हमले की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें दो संदिग्धों के हथियारों के साथ स्टेशन में घुसने की कोशिश से लेकर उनकी घेराबंदी कर गिरफ्तारी तक का अभ्यास किया गया। एसएसएफ और क्यूआरटी ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाया।
परिदृश्य के अनुसार, दो संदिग्ध हथियार छिपाकर एएफसी एग्जिट गेट से प्रवेश करने का प्रयास करते हैं। गार्ड की सतर्कता से वे अंदर नहीं जा पाते और लिफ्ट के पास मशीन रूम व इमरजेंसी गेट के आसपास छिपने की कोशिश करते हैं। सूचना पर एसएसएफ और क्यूआरटी ने स्टेशन की घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। मॉक ड्रिल में करीब 85 सुरक्षा अधिकारियों और जवानों ने हिस्सा लिया।
________________________________________
मॉरीशस प्रतिनिधिमंडल का वृंदावन में भव्य स्वागत
वृंदावन, 14 नवम्बर। मॉरीशस से भारत यात्रा पर आए 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का प्रथम स्वागत वृंदावन स्थित चार धाम मंदिर परिसर के अतिथि गृह में किया गया। चार धाम मंदिर के संस्थापक एवं रैस्पेक्ट ऐज इंटरनेशनल के संरक्षक डॉ. जे.सी. चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत किया।
मॉरीशस प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख नारायडू ने कहा कि भारत और मॉरीशस संबंध को भविष्य में भी मजबूत बनाए रखने के लिए दोनों पक्ष प्रयासरत हैं। प्रतिनिधिमंडल में मॉरीशस मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव मीनाक्षी रामास्वामी भी शामिल हैं। इस अवसर पर डॉ. गिरीश चंद्र गुप्ता, दीपक गोयल, वी.डी. अग्रवाल, श्रीदेवी गोयल (पूर्व डीजीपी), डॉ. चित्रलेखा सिंह, महामंडलेश्वर एस.एस. जौहरी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल वृंदावन से अयोध्या के लिए रवाना होगा। 15 नवंबर की रात वापस लौटने के बाद 16 से 18 नवंबर तक आगरा में आयोजित विभिन्न स्वागत, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेगा।
________________________________________
ट्रांस यमुना में ट्रक में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
आगरा, 14 नवम्बर। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में शनिवार को फाउंड्री नगर बीज गोदाम के पास एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक से धुएं का गुबार उठने लगा। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों व दुकानों से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग लगने के समय ट्रक के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
________________________________________
डीएम ने न्यू सिविल एयरपोर्ट का किया निरीक्षण, समयबद्ध निर्माण के निर्देश
आगरा, 17 नवम्बर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने आगरा-जगनेर मार्ग स्थित धनौली में निर्माणाधीन न्यू सिविल एयरपोर्ट (न्यू सिविल एन्क्लेव) का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
डीएम ने टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे, बाउंड्रीवॉल, आंतरिक व संपर्क मार्गों के निर्माण की समीक्षा की और अधिकारियों से अब तक पूर्ण व अवशेष कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि न्यू सिविल एयरपोर्ट जनपद के विकास, पर्यटन व हवाई कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूर्ण होने से पर्यटकों, उद्यमियों व आम नागरिकों को बेहतर हवाई सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। निरीक्षण में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार वर्मा, एसडीएम सदर विक्रम सिंह राघव, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी जीके वार्ष्णेय समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments