Agra News-2 खबरें आगरा की -2....

'आगरे का है' पुस्तक का लोकार्पण संपन्न, आगरा की संस्कृति और विरासत का बखान
आगरा, 14 नवम्बर। साहित्यसेवी अरुण डंग द्वारा लिखित पुस्तक 'आगरे का है' का लोकार्पण समारोह शनिवार को होटल ग्रांड में संपन्न हुआ। शहर के विभिन्न पहलुओं को उजागर करती लगभग 200 पृष्ठों की इस कृति में पांच खंडों में 30 लेख संकलित हैं।
मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. आर.एस. पारीक ने कहा कि यह पुस्तक साहित्यिक उपवन में खिला हुआ सुंदर खुशबूदार फूल है। मुख्य वक्ता प्रो. वीना शर्मा ने कहा कि अरुण डंग ने पर्याप्त विचार-मंथन कर प्राप्त जानकारी को लिपिबद्ध किया है।
शुभारंभ विमला डंग, रेखा डंग, आर्किटेक्ट शशि शिरोमणि, प्रो. वीना शर्मा आदि द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। सरस्वती वंदना पूजा तोमर ने प्रस्तुत की। अतिथियों का स्वागत करते हुए दुर्ग विजय सिंह दीप ने किया। अरुण डंग का परिचय देते हुए सुशील सरित ने कहा - "जुनूं की हद से गुजर करके वह जहां पहुंचे, वहां तलक न फरिश्तों के भी निशां पहुंचे।" 
अरुण डंग ने कहा कि उन्हें नजीर और गालिब ने हमेशा प्रभावित किया। आगरा कई संस्कृतियों का संगम है और आगरा की इन्हीं खासियत ने उन्हें यह पुस्तक लिखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय गजल गायक सुधीर नारायण ने नजीर की नज्म 'आगरे का है' प्रस्तुत की। समारोह में पूरन डावर, अशोक अश्रु, रामकुमार अग्रवाल, महेश शर्मा, कर्नल शिव कुंजरू, मधु भारद्वाज, हरीश अग्रवाल, आरिफ तैमूरी, विजया तिवारी मौजूद रहे।
__________________________________________
झोपड़पट्टी के बच्चों को कराई 'पिज्जा सेवा'
आगरा, 14 नवम्बर। बाल दिवस के उपलक्ष्य में भक्ति वेव ने अनूठी पहल करते हुए बच्चों को पिज्जा सेवा प्रदान की। संस्था ने बच्चों की खुशियों के प्रति जिम्मेदारी का स्मरण कराने के उद्देश्य से यह आयोजन किया।
सदर तहसील के सामने झोपड़पट्टी में गुजर-बसर कर रहे परिवारों के बच्चों के पश्नभक्ति वेव की टीम वहां पहुंची और बच्चों में पिज्जा वितरण किया। इस मौके पर संचित गोयल, जितेंद्र गोयल, तुषार गोयल, मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल मौजूद रहे।
__________________________________________
वीरांगना भीमाबाई होलकर की 236वीं जयंती पर स्मृति काव्य समारोह, सम्मान भी
आगरा, 14 नवम्बर। वीरांगना भीमाबाई होलकर की 236वीं जयंती पर सेठ पदमचंद जैन इंस्टीट्यूट में स्मृति काव्य समारोह और बाल दिवस संगोष्ठी का आयोजन किया गया। माधुर्य एवं समानांतर पत्रिका द्वारा आयोजित आयोजन की मुख्य अतिथि समाज सेविका मधु बघेल और अध्यक्ष डॉ. कुसुम चतुर्वेदी रहीं। 
इस अवसर पर ब्रज प्रदेश महिला मोर्चा की जिला मंत्री मनोनीत होने पर गायिका एवं कवयित्री निशि राज तथा भजन गायिका राजेश्वरी बघेल का सम्मान किया गया। समानांतर पत्रिका परिवार, मधु बघेल और कुसुम चतुर्वेदी ने दोनों को शाल, मणि माला और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की परिकल्पना डॉ. राजेन्द्र मिलन ने की। प्रो. ब्रजेश रावत ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
डॉ. रामवीर शर्मा रवि, शरद गुप्ता, आचार्य उमा शंकर पाराशर, नीरज मिलन, हरवीर परमार, जगन्नाथ बघेल, अतुल गोला, राहुल सिंह, नितेश आदि मौजूद रहे। संचालन नागेश शुक्ल ने किया।
__________________________________________
आगरा ताज राउंड टेबल 329 का 'एपिक 32' अभियान 
आगरा, 14 नवम्बर। आगरा ताज राउंड टेबल 329 ने "एपिक 32 - 32 दिन, 32 गतिविधियां, एक एपिक प्रभाव" नामक अनूठा सामाजिक अभियान शुरू किया है। 22 अक्टूबर से शुरू यह अभियान 22 नवंबर को आरटीआई सप्ताह के दौरान समाप्त होगा। इसका दर्शन है - "हर व्यक्ति बदलाव को प्रेरित करता है।"
अभियान के तहत हर दिन शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, सड़क सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण, दिव्यांग सहायता और सामुदायिक सेवा जैसे विषयों पर पहल की जा रही है। अब तक छात्रों के लिए शैक्षिक सत्र, स्टेशनरी व स्वच्छता किट वितरण, दिव्यांग बच्चों के लिए डेंटल किट, सैनिटरी नैपकिन वितरण, बच्चों को भोजन, जरूरतमंदों को जूते-चप्पल, फल व कंबल वितरण तथा चार वंचित बच्चों की शिक्षा का प्रायोजन किया जा चुका है। स्वास्थ्य शिविर में 400 से अधिक लोगों को लाभ मिला। बीपी-शुगर जांच, रक्तदान पहल और सरकारी अस्पताल में डिजिटल थर्मामीटर वितरण भी हुआ। एक दिव्यांग लाभार्थी को मोबिलिटी व्हीकल के लिए ब्याज-मुक्त सहायता, 60 से अधिक बुजुर्ग महिलाओं को भोजन व आवश्यक सामग्री और एक गरीब कन्या को शादी के जोड़े व उपहारों के साथ सहयोग दिया गया। इससे पहले टेबल की "फ्लाइट ऑफ फैंटेसी" पहल में 'फ्रीडम थ्रू एजुकेशन' स्कूल के बच्चों को नोएडा से अमृतसर की हवाई यात्रा कराई गई। बच्चों ने स्वर्ण मंदिर, वाघा बॉर्डर और जलियांवाला बाग का भ्रमण किया।
__________________________________________
आगरा में सपा का दलित सम्मेलन कल रविवार को, अखिलेश यादव होंगे मुख्य अतिथि
आगरा, 14 नवम्बर। प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दलित वोट बैंक को साधने के लिए पार्टी रविवार को जीआईसी मैदान में बड़े दलित सम्मेलन का आयोजन करेगी। इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सम्मेलन में पश्चिमी यूपी के करीब 30 जिलों से दलित समाज के लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। पार्टी इस आयोजन के जरिए बसपा के परंपरागत दलित वोट बैंक में सेंध लगाने और पश्चिमी यूपी में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की बनाई रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया का प्रभाव महाराष्ट्र से अधिक पश्चिमी यूपी में था। वर्ष 1962 में आगरा की सामान्य सीटों से भी कई दलित नेताओं ने जीत दर्ज की थी। उस दौर में आगरा में आरपीआई की छह सीटें थीं। इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को देखते हुए आगरा को सम्मेलन के लिए चुना गया है।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments