दस औद्योगिक इकाइयों को मिली मंजूरी, विकास को मिलेगी रफ्तार || टीटीजेड प्राधिकरण की 69वीं बैठक
आगरा, 16 नवम्बर। मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटीजेड) प्राधिकरण की 69वीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में 10 औद्योगिक इकाइयों की स्थापना/विस्तारीकरण को सर्वसम्मति से अनुमोदन दिया गया। इनमें आगरा की 7 और मथुरा की 3 औद्योगिक इकाइयां शामिल हैं। अन्य इकाइयों के आवेदनों की स्क्रूटनी जारी है, जल्द ही पात्र इकाइयों को भी अनुमोदन दिया जाएगा।
अनुमोदन से टीटीजेड क्षेत्र के जनपदों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। बैठक में सेंट्रल इम्पावर्ड कमेटी (CEC) के सदस्य अंजन कुमार मोहंती और नीरी के मुख्य वैज्ञानिक/अध्यक्ष डॉ. एसके गोयल भी मौजूद रहे।
प्रदूषण रोकथाम पर दिए निर्देश
बैठक में विगत बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि और लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई। नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत द्वारा किए जा रहे ठोस कूड़ा प्रबंधन, टीटीजेड क्षेत्र में परिवेशीय वायु गुणवत्ता और एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन की स्थापना की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि उद्योग के अलावा जिन कारणों से अत्यधिक वायु प्रदूषण हो रहा है, उसकी रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। हाथरस में एक माह के अंदर एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किया जाए। जिन निर्णयों की अनुपालन आख्या नहीं आई है, उसे जल्द उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी आगरा मनीष कुमार बंसल, एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, वन संरक्षक अनिल कुमार पटेल, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण विभाग विश्वनाथ शर्मा, आगरा व फिरोजाबाद के नगरायुक्त, आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद के डीएफओ, उपायुक्त उद्योग और टीटीजेड सदस्य उमेश शर्मा व विजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Post a Comment
0 Comments