ताजमहल की सुरक्षा में लापरवाही, वीआईपी गेट की बैग स्कैनिंग मशीन एक साल से खराब, कल 19 को स्मारकों में निःशुल्क प्रवेश, बढ़ेगा जांच का दबाव
आगरा, 18 नवम्बर। ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां वीआईपी गेट पर पर्यटकों के बैग की जांच के लिए लगी स्कैनिंग मशीन करीब एक साल से खराब पड़ी है। इसके चलते पर्यटकों के बैग की मैनुअल जांच करनी पड़ रही है, जिससे सीआईएसएफ के जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
हैरानी की बात यह है कि चार दिन पहले ही ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था का उच्च स्तरीय निरीक्षण हुआ था। सुरक्षा स्थायी समिति के 14 वरिष्ठ अधिकारियों ने स्मारक का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की थी। इसके बावजूद वीआईपी गेट पर खराब पड़ी मशीन को ठीक नहीं कराया जा सका। इससे निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
खबरों के मुताबिक, मशीन की मरम्मत का काम एएसआई मुख्यालय स्तर पर लंबित है। एएसआई आगरा कार्यालय की ओर से मशीन ठीक कराने के लिए कई बार मुख्यालय को पत्राचार किया जा चुका है, इसके बावजूद मरम्मत में देरी हो रही है।
ताजमहल के कैलेंडर के अनुसार, मशीन के करीब 15 दिन में ठीक होने की उम्मीद है। तब तक पर्यटकों के बैग की जांच मैनुअल तरीके से ही करनी होगी।
मशीन खराब होने के कारण सीआईएसएफ के जवानों को एक-एक बैग की जांच में अतिरिक्त समय लगाना पड़ रहा है। इसके लिए प्रतिदिन करीब 24 अतिरिक्त जवान लगाए जाते हैं। ये जवान दिनभर बैग चेकिंग में व्यस्त रहते हैं, जबकि उनकी जिम्मेदारी ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने की भी है। ताजमहल में प्रतिदिन 25 हजार से अधिक पर्यटक दीदार के लिए पहुंचते हैं। सभी पर्यटकों को सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाता है।
कल 19 को फ्री एंट्री, बढ़ेगा दबाव
विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत के मौके पर 19नवम्बर को ताजमहल में पर्यटकों को फ्री एंट्री दी जाएगी। ऐसे में पर्यटकों की संख्या बढ़कर करीब 30 हजार तक पहुंचने का अनुमान है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ बैग की जांच का दबाव भी बढ़ेगा। मशीन खराब रहने पर सभी बैग की मैनुअल जांच में अधिक समय लग सकता है, जिससे प्रवेश द्वार पर भीड़ बढ़ने और पर्यटकों को इंतजार करना पड़ सकता है। पश्चिमी गेट पर भी यह मशीन कई महीनों से खराब थी, वह करीब 15 दिन पहले ही ठीक हुई है।
विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत
विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत के मौके पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने गुरुवार को देशभर के सभी केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में प्रवेश नि:शुल्क रखने का फैसला लिया है। इसके तहत ताजमहल समेत आगरा के प्रमुख स्मारकों में भारतीय और विदेशी पर्यटक बिना प्रवेश टिकट खरीदे घूम सकेंगे। हालांकि, ताजमहल के मुख्य मकबरे में जाने के लिए पर्यटकों को 200 रुपये का अतिरिक्त टिकट लेना अनिवार्य होगा। यानी परिसर में प्रवेश तो निशुल्क रहेगा, लेकिन मुख्य मकबरे को देखने के लिए निर्धारित शुल्क चुकाना पड़ेगा। विश्व धरोहर सप्ताह 19 से 25 नवंबर तक मनाया जाएगा। सप्ताह के दौरान आगरा के ऐतिहासिक स्मारकों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यहां प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments