पार्षद के फोन पर दस मिनट में पहुंची रेस्क्यू टीम, 30 घंटे से पेड़ पर लटके लंगूर की बची जान
आगरा, 13 नवम्बर। नामनेर के लोरिस कॉम्प्लेक्स के पास पेड़ पर 30 घंटे से मौत और जिंदगी के बीच झूल रहे लंगूर को आखिरकार बचा लिया गया। गले में बंधी रस्सी डाल में उलझ जाने से वह न नीचे उतर पा रहा था, न ही खुद को छुड़ा पा रहा था। भूख-प्यास से बेहाल लंगूर को देखकर वहां जुटे लोग भी परेशान थे, लेकिन पार्षद के एक फोन के बाद नगर निगम और वन विभाग की टीम ने महज कुछ ही देर में क्रेन से उसे सकुशल नीचे उतार लिया।
बंदर भगाने के लिए पाला था लंगूर
बताया गया कि लोरिस कॉम्प्लेक्स स्थित एक होटल संचालक ने बंदरों को भगाने के लिए लंगूर पाल रखा था। सोमवार सुबह वह होटल के पास लगे पेड़ पर चढ़ गया। इसी दौरान उसके गले में बंधी रस्सी पेड़ की डाल में फंस गई। लंगूर ने खुद को छुड़ाने की बहुत कोशिश की, लेकिन रस्सी और उलझती चली गई। देखते ही देखते करीब 30 घंटे बीत गए।
लंगूर के फंसे रहने की जानकारी होटल के मैनेजर ने क्षेत्रीय पार्षद राकेश कन्नौजिया को दी। पार्षद ने तुरंत नगर निगम के इलेक्ट्रिकल चीफ इंजीनियर अजय राम को फोन कर मदद मांगी। उनके निर्देश पर करीब 10 मिनट के अंदर ही रेस्क्यू गाड़ी मौके पर पहुंच गई।
क्रेन से उतारा गया नीचे
मौके पर पहुंची नगर निगम के बिजली विभाग और वन विभाग की टीम ने क्रेन की मदद से ऊपर पहुंचकर सावधानीपूर्वक रस्सी को खोला और लंगूर को सुरक्षित नीचे उतारा। रेस्क्यू के बाद लंगूर को उसके मालिक को सौंप दिया गया। 30 घंटे बाद लंगूर के सुरक्षित नीचे आने पर मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments