आठवें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आगाज, 15 से अधिक देशों की फिल्मों की स्क्रीनिंग

आगरा, 16 नवम्बर। ग्लैमर लाइव फिल्म्स एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के आईटीएचएम संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आठवां ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल सोमवार को विश्व विद्यालय के खंदारी परिसर स्थित हॉल में शुरू हो गया। तीन दिवसीय समारोह में भारत सहित 15 से अधिक देशों की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। 
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अध्यक्षता कुलपति प्रो. आशु रानी ने की। उद्घाटन सत्र में फ्रांस से अभिनेत्री मरीन बोर्गो, मॉस्को से निर्देशक अलेक्जेंड्रा, इटली से गायिका मारिया, वेनेजुएला से अल्फ्रेडो, अमेरिका से अभिनेत्री कशिश अग्निहोत्री वाजपेयी और मुंबई से अभिनेत्री विभा रानी समेत कई अंतरराष्ट्रीय अतिथि मौजूद रहे।
ओपनिंग फिल्म रही ‘महामहिम दीदीजी मुर्मू’
पहले दिन ओपनिंग फिल्म ‘महामहिम दीदीजी मुर्मू’ स्क्रीन हुई। राष्ट्रपति के जीवन पर आधारित इस फिल्म को देखकर दर्शक अभिभूत हुए। फिल्म माउंट आबू से आई थी। कलाकार संपा मंडल, निर्देशक पम्पोज मिश्रा, प्रभा मिश्रा मौजूद रहे। ब्रह्मकुमारीज के आगरा के सभी सेंटर्स से दर्शक फिल्म देखने पहुंचे। शीला दीदी, अश्विनी दीदी, कविता दीदी विशिष्ट अतिथि रहीं।
कालिंदी अकादमी के छात्रों ने रोशनी गिड़वानी के निर्देशन में प्रस्तुति दी, जिसे खूब सराहा गया। संचालन श्रुति सिन्हा ने किया।
फिल्म इंडस्ट्री में रोजगार की अपार संभावनाएं: सूरज तिवारी
फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री आज केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि विशाल रोजगारपरक क्षेत्र है। अभिनय, निर्देशन, लेखन, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग, एनीमेशन में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। लेकिन युवाओं को पढ़ना होगा और गंभीर होना होगा। आगरा के युवाओं को इस उद्योग से जोड़ना और फिल्म निर्माण की संभावनाएं विकसित करना फेस्टिवल का उद्देश्य है।
विश्वविद्यालय में शुरू होंगे फिल्म के रोजगारपरक कोर्स: कुलपति
कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि विश्वविद्यालय में 10 दिवसीय फिल्म मेकिंग कार्यशाला में विद्यार्थियों ने स्वयं एक फिल्म तैयार की है, जिसे फेस्टिवल में दिखाया जाएगा। विश्वविद्यालय फिल्म निर्माण से जुड़े नए पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बना रहा है। एनीमेशन के कोर्स भी संचालित हो रहे हैं।
17 नवंबर को मास्टरक्लास और पैनल डिस्कशन
17 नवंबर को अभिनेता व कोच ज्ञानप्रकाश मुंबई से एक्टिंग की मास्टरक्लास लेंगे। अभिनेत्री विभा रानी पैनल डिस्कशन में मुख्य स्पीकर रहेंगी। आईटीएचएम के निदेशक प्रो. यू.एन. शुक्ला ने बताया कि फेस्टिवल में मास्टर टॉक शो, कार्यशालाएं और संवाद कार्यक्रम होंगे।
फेस्टिवल में फ्रांस, इटली, पोलैंड, अमेरिका, जर्मनी, रूस, ब्रिटेन, सिंगापुर, जापान, अर्जेंटीना, जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया, ईरान, वेनेजुएला समेत कई देशों की फीचर, शॉर्ट, डॉक्यूमेंट्री, एनीमेशन फिल्में और म्यूजिक वीडियो दिखाए जाएंगे। स्क्रीनिंग खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में होगी। अंतिम दिन अभिनेत्री ममता कुलकर्णी शिरकत करेंगी। फेस्टिवल में प्रवेश निःशुल्क है। 
______________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments