सीए फाउंडेशन में आगरा के अर्नव गोयल ने हासिल की ऑल इंडिया 19वीं रैंक
आगरा, 06 नवम्बर। सीए फाउंडेशन परीक्षा में अर्नव गोयल ने ऑल इंडिया रैंक 19 (AIR 19) प्राप्त कर अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम एवं लगन का शानदार परिचय दिया है। यह जानकारी उनके पिता अमित गोयल एडवोकेट ने दी।
लगन और अनुशासन से मिली सफलता
अर्नव ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर अध्ययन, अनुशासन तथा अपने शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि सीए फाउंडेशन की तैयारी के दौरान उन्होंने नियमित टाइम-टेबल, रिवीजन और मॉक टेस्ट पर विशेष ध्यान दिया। कठिन विषयों को भी धैर्य के साथ समझकर तैयार किया, जिसका परिणाम आज ऑल इंडिया रैंक के रूप में सामने है। उन्हें सीए फाउंडेशन की तैयारी कराने वाले शिक्षकों ने भी इस सफलता पर खुशी जताई।
इससे पूर्व अर्नव ने कक्षा 12वीं में भी 98.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया था। 12वीं के बाद से ही उन्होंने सीए बनने का लक्ष्य तय कर लिया था और उसी दिशा में पूरी लगन से जुट गए थे। अर्नव का लक्ष्य अब सीए इंटरमीडिएट और फाइनल में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स में अपना नाम दर्ज कराना है।
परिजनों और शुभचिंतकों ने दी बधाई
उनकी इस शानदार सफलता पर परिजनों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों के साथ ही सिकन्दरा फैक्ट्री ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। परिवार का कहना है कि अर्नव की मेहनत और समर्पण ने आज सभी को गौरवान्वित किया है।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments