फतेहाबाद तहसील में MLC मतदान के दौरान बवाल, सपा एजेंट की पिटाई का आरोप - सपा-भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने, पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग
आगरा, 23 अक्टूबर। जनपद में हो रहे उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के मतदान के दौरान फतेहाबाद तहसील में शुक्रवार की दोपहर जमकर हंगामा और मारपीट हो गई। मतदान केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब समाजवादी पार्टी के एजेंट ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए।
सपा एजेंट हरदीप सिंह ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र के अंदर भाजपा कार्यकर्ता जबरन घुस गए और वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाल दिया। इसके बाद अंदर बैलेट पेपर पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मुहर लगाई गई। इस कथित धांधली का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि प्रशासन ने अभी तक वीडियो की पुष्टि नहीं की है।
हरदीप सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें बूथ से बाहर निकाल दिया। घटना की खबर फैलते ही बाहर खड़े सपा और भाजपा के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे मतदान केंद्र पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पुलिस मुर्दाबाद के लगे नारे, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उग्र हो रही भीड़ को बल प्रयोग कर खदेड़ा। इस कार्रवाई से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी अभिषेक अग्रवाल, एसीपी इमरान अहमद और एसडीएम स्वाति शर्मा खुद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया, दोनों पक्षों से बात की और मतदान को सुचारू रूप से जारी रखने के निर्देश दिए। पुलिस ने कहा कि वीडियो की जांच की जा रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। घटना के बाद भी मतदान केंद्र के बाहर तनाव का माहौल बना रहा।
मतदान की रफ्तार काफी धीमी
दूसरी ओर, मतदान की रफ्तार काफी धीमी देखी जा रही है। आगरा के कमला नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में उत्तर प्रदेश विधान परिषद खंड स्नातक/शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या लगभग 700 है। मतदान प्रतिशत की गति धीमी बनी हुई है। मतदाता दो-तीन के समूह में मतदान केंद्र पर पहुंच रहे हैं।
फतेहपुर सीकरी में सुबह दस बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 599 मतदाताओं में से केवल 80 ने ही वोट डाला, जबकि खंड शिक्षक सीट पर 319 में से महज 22 वोट पड़े। राजनीतिक दलों द्वारा लगाए गए बस्तों पर भी मतदाताओं की भीड़ नहीं दिख रही, कार्यकर्ता खाली बैठे नजर आए।
वहीं एत्मादपुर विकास खंड कार्यालय पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। वहां मतदाताओं की कतारें लगी हैं। एसडीएम और एसीपी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। भाजपा विधायक भी अपने कार्यालय पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मतदान की जानकारी लेते दिखे।
__________________________________
Post a Comment
0 Comments