डीएम ने परखी MLC चुनाव की तैयारियां, मंडी समिति में पोलिंग पार्टी रवानगी और स्ट्रांग रूम सुरक्षा का लिया जायजा, मतदेय स्थलों पर मांगी आपत्तियां

आगरा, 21 अक्टूबर। आगरा खंड स्नातक/शिक्षक MLC चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने मंगलवार को दो अहम बैठकें कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंडी समिति में तैयारियों का निरीक्षण
पहले चरण में डीएम मनीष बंसल ने फिरोजाबाद रोड स्थित मंडी समिति परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने 22 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियों की रवानगी, निर्वाचन सामग्री वितरण, मतदान के बाद मतपेटिकाओं को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखने और 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना की तैयारियों को देखा।
डीएम ने निर्देश दिए कि निर्वाचन सामग्री का वितरण और मिलान सतर्कता से हो, पोलिंग पार्टियों के वाहनों और कार्मिकों के आवागमन की पुख्ता व्यवस्था रहे। उन्होंने स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था और सुरक्षा बलों की तैनाती मानकों के अनुरूप करने को कहा। मंडी परिसर में ही 12 जिलों की मतपेटिकाएं सुरक्षित रखी जाएंगी।
इस दौरान सीडीओ अमित कुमार, एडीएम नगर यमुनाधर चौहान, एडीएम वित्त संदीप वर्मा, एडीएम नमामि गंगे जुबैर बेग, सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अनुसार 22 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी, 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान और 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतगणना होगी।
मतदेय स्थलों के संभाजन पर बैठक
दूसरे चरण में डीएम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के संभाजन को लेकर बैठक हुई। इसमें सांसद, विधायक और सभी मान्यता प्राप्त दलों के जिलाध्यक्ष शामिल हुए।
बैठक में 1200 मतदाताओं के मानक पर बूथों के संभाजन, जर्जर भवनों में चल रहे बूथों को शिफ्ट करने और नए बूथ बनाने के प्रस्तावों पर चर्चा हुई। डीएम ने बताया कि मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची पर 25 अक्टूबर तक जिला निर्वाचन कार्यालय या संबंधित विधानसभा के आरओ के समक्ष आपत्ति और सुझाव दिए जा सकते हैं।
डीएम ने चिंता जताई कि जिले का जेंडर रेशियो 825 है, जो लक्ष्य से कम है। उन्होंने दलों से अपील की कि 24 अक्टूबर के विशेष अभियान में अपने बीएलए सक्रिय कर महिला और 18-19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाएं।
बैठक में विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, डॉ. धर्मपाल सिंह, चौधरी बाबूलाल, भाजपा से हरिओम रावत, भगत सिंह चौहान, सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह, आप से सिद्धार्थ चतुर्वेदी सहित सभी आरओ मौजूद रहे।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments