IMA आगरा का स्थापना समारोह सम्पन्न, डॉ. हरेंद्र गुप्ता की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
आगरा, 12 अक्टूबर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), आगरा का स्थापना समारोह रविवार को होटल ग्रैंड मर्क्योर में सम्पन्न हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में IMA उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल, विशिष्ट अतिथि के रूप में IMA उत्तर प्रदेश के संरक्षक एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल तथा विशिष्ट सम्मानित अतिथि के रूप में अध्यक्ष-निर्वाचित डॉ. रविश अग्रवाल मौजूद रहे।
कार्यक्रम में डॉ. हरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में गठित नई कार्यकारिणी को डॉ. शरद अग्रवाल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नई टीम ने चिकित्सकों की एकता, संगठन की मजबूती और समाज के प्रति दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।
कोषाध्यक्ष डॉ. मुकेश भारद्वाज ने वित्तीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि निवर्तमान मानद सचिव डॉ. राजनीश कुमार मिश्रा ने वर्ष भर की शैक्षणिक, सामाजिक गतिविधियों और उपलब्धियों का लेखा-जोखा रखा।
अपने संबोधन में डॉ. शरद अग्रवाल ने चिकित्सकों के बीच एकता और सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया। डॉ. रविश अग्रवाल ने संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। मुख्य अतिथि डॉ. राजीव गोयल ने प्रदेश सरकार के साथ IMA के निरंतर संवाद और उसके सकारात्मक परिणामों की जानकारी साझा की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र गुप्ता ने IMA आगरा को और अधिक सक्रिय, सशक्त और जनहितकारी बनाने की कार्ययोजना रखी।
समारोह में डॉ. संजय कुलश्रेष्ठ एवं डॉ. शरद गुप्ता को चिकित्सा, समाज और पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए 'Pride of IMA Agra' सम्मान से सम्मानित किया गया।
अंत में निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. पंकज नागाइच ने सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
_______________________________
Post a Comment
0 Comments