वॉइस ऑफ स्कूल एसोसिएशन ने घोषित किए एमएलसी प्रत्याशी, आगरा स्नातक सीट से डॉ. राहुल राज और शिक्षक सीट से मदन मोहन शर्मा मैदान में

आगरा, 03 सितम्बर। वॉइस ऑफ स्कूल एसोसिएशन ने आगामी विधान परिषद चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। शनिवार की शाम करकुंज मार्ग पर स्थित एक रेस्तरां में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन ने आगरा निर्वाचन स्नातक सीट से प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राहुल राज और शिक्षक सीट से शिक्षक प्रकोष्ठ प्रभारी मदन मोहन शर्मा को समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है।
संगठन के महासचिव अतुल कुलश्रेष्ठ ने प्रत्याशी सूची पर हस्ताक्षर कर इसे आधिकारिक रूप से जारी किया। उन्होंने बताया कि सभी सदस्यों की सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है।
संगठन ने पूरे चुनाव प्रबंधन और बूथ कमेटियों का प्रभार संगठन की सक्रिय सदस्य नीलम तिवारी को सौंपा है। पूरे चुनाव क्षेत्र को विभिन्न जोन में बांटकर जिला प्रभारियों की सूची भी जारी की गई है, जो अपने-अपने जिलों में चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राहुल राज ने कहा कि यूजीसी के वर्तमान कानून का यह संगठन कड़ा विरोध करता है और उसके रोलबैक की मांग करता है। संगठन का मुख्य उद्देश्य सवर्ण समाज और छात्रों के आक्रोश को वोट के माध्यम से सरकार तक पहुंचाना है। यूजीसी रोलबैक ही इस चुनाव में संगठन का मुख्य मुद्दा रहेगा।
डॉ. राहुल राज ने कहा कि हर साल राजनीतिक दल उन नेताओं को स्नातक और शिक्षक सीटों से टिकट दे देते हैं, जिन्हें विधानसभा या लोकसभा में टिकट नहीं मिलता। ऐसे प्रत्याशियों का शिक्षकों और स्नातकों की वास्तविक समस्याओं से कोई सरोकार नहीं होता।
उन्होंने कहा कि वित्तविहीन शैक्षिक संस्थानों का संगठन वोसा इस बार यूपी की सभी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों पर प्रत्याशी उतारेगा। इतिहास में पहली बार वित्तविहीन शिक्षक संगठन से जुड़े सच्चे प्रतिनिधि मैदान में उतरेंगे, जिससे राजनीतिक समीकरण बदलेंगे।
इस अवसर पर संगठन के प्रवक्ता योगेश कुलश्रेष्ठ, के.के. सिंह, सोनिया सिंह, दिलीप जौहरी, रोमा परमार, इंदु सिंह, वीरेंद्र सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, संदेश शर्मा, नकुल सारस्वत, अंकुर शंकर गौतम सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments