रावली में बवाल, पुलिस ने मारा जुए पर छापा, तीसरी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, परिजनों ने लगाया धक्का देने का आरोप

आगरा, 17 अक्टूबर। थाना रकाबगंज क्षेत्र के अंतर्गत रावली में जुए की सूचना पर पुलिस के छापे के दौरान एक युवक की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है। यह घटना विगत देर रात्रि घटी। मृतक के परिजनों ने आज शनिवार की सुबह रावली पर जाम लगा हंगामा कर दिया।
खबरों के अनुसार, पुलिस का कहना है कि मोहल्ले के एक व्यक्ति की सूचना पर पुलिस वहां गई थी। पुलिस को देखकर 38 वर्षीय ललित छत से खुद कूद गया। गली में पत्थर पड़े होने से सिर में चोट लगने से मौत हो गई। दूसरी ओररिक्त के परिजन पुलिस पर ललित को धक्का देने का आरोप लगा रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले भी पुलिस ने आकर जुआ के नाम पर लूटपाट की थी और शुक्रवार रात को भी वे लूटने आए थे। इसी दौरान हुई झड़प में ललित को पुलिसकर्मियों ने तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। घटना के बाद पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गए।
सुबह हंगामा बढ़ने पर क्षेत्रीय विधायक डॉ जीएस धर्मेश भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों की नाराजगी दूर करने का प्रयास किया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और हंगामा शुरू कर दिया। परिजन दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। 

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments