नगर निगम की कूड़ा गाड़ी ने कार में मारी टक्कर, नशे में धुत था ड्राइवर - शास्त्रीपुरम चौराहे पर हंगामा
आगरा, 22 अक्टूबर। शहर में लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां नगर निगम की कूड़ा ढोने वाली छोटी गाड़ी ने एक निजी कार में जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा सिकंदरा थाना क्षेत्र के शास्त्रीपुरम गोल चक्कर चौराहे पर रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, कपिल अग्रवाल अपनी कार से शास्त्रीपुरम चौराहे से गुजर रहे थे, तभी भूदेवी डिपार्टमेंटल स्टोर के सामने पीछे से आ रही नगर निगम की तेज रफ्तार कूड़ा गाड़ी ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार सवार को कोई गंभीर चोट नहीं आई। टक्कर से कूड़ा गाड़ी का कांच भी टूट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कूड़ा गाड़ी का ड्राइवर नशे में धुत था और गाड़ी लापरवाही से चला रहा था। टक्कर की आवाज सुनते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और भीड़ ने ड्राइवर को घेर लिया।
सूचना मिलते ही सिकंदरा थाने की पश्चिमपुरी चौकी की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कूड़ा गाड़ी को कब्जे में ले लिया। पीड़ित कार चालक कपिल अग्रवाल ने थाने में शिकायत देने की बात कही है। सूचना पर सपा नेता विनय अग्रवाल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अक्सर रात के समय निगम के वाहन बिना लाइट और नशे में चलाए जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
________________________________
Post a Comment
0 Comments