एमजी रोड सेंट जॉन्स क्षेत्र में दस दिन से नलों में आ रहा बदबूदार पानी, लोगों में आक्रोश

आगरा, 31 अक्टूबर। वार्ड लोहामंडी स्थित महात्मा गांधी रोड, सेंट जॉन्स क्षेत्र में नगर निगम की पेयजल आपूर्ति में गंभीर लापरवाही सामने आई है। साहित्य कुंज और आस पास के इलाकों में पिछले 10 दिनों से नलों में दूषित और तेज बदबू वाला पानी आ रहा है। हालत यह है कि पानी पीने लायक तो छोड़िए, घरेलू कार्यों में भी इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है।
साहित्य कुंज निवासी और नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार वार्ष्णेय ने इस संबंध में नगर निगम और जल संस्थान में शिकायत की है। उन्होंने बताया कि पानी में इतनी तेज दुर्गंध है कि ऐसा लगता है जैसे सीवर का गंदा पानी पेयजल पाइपलाइन में मिलकर घरों में सप्लाई हो रहा है। इस प्रकार के दूषित पानी से क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है और टायफाइड, डायरिया, हैजा जैसी जलजनित बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने नगर आयुक्त और महापौर से मांग की कि जलकल विभाग और नगर निगम अधिकारियों को तत्काल मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए जाएं। पानी के नमूने लेकर गुणवत्ता की जांच कराई जाए। बदबू का वास्तविक कारण पता कर स्थायी समाधान कराया जाए। जब तक स्वच्छ जलापूर्ति बहाल नहीं होती, क्षेत्र में सुरक्षित पेयजल के टैंकर आदि की व्यवस्था की जाए। जनहित में शीघ्र कार्रवाई की आवश्यकता है।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments