पुलिस लाइन सरकारी आवास में महिला कांस्टेबल का शव मिला, हड़कंप

आगरा, 31 अक्टूबर। थाना शाहगंज क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन के सरकारी आवास में तैनात महिला कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। खबरों के अनुसार, शनिवार की सुबह महिला कांस्टेबल आरती का शव सरकारी आवास में मिला।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका आरती 2018 बैच की आरक्षी थीं, मूल रूप से उन्नाव जिले की रहने वाली थीं और वर्तमान में डीसीपी सिटी कार्यालय में तैनात थीं। बताया गया है कि वह पिछले एक महीने से अवकाश पर थीं और चार नवंबर को उन्हें ड्यूटी पर वापस लौटना था।
सूत्रों के अनुसार घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। नोट में क्या लिखा है, इसका भी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments