विश्व हाथ धुलाई दिवस पर आगरा में जागरूकता अभियान, बच्चों ने ली हाथ धोने की शपथ
आगरा, 15 अक्टूबर। स्वास्थ्य विभाग, पीएसआई इंडिया और केनव्यू के सहयोग से गुरुवार को विश्व हाथ धुलाई दिवस पर जिले के चार स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम हुए। बरौली अहीर के नगला महादेव उच्च प्राथमिक विद्यालय, बगदा आंगनवाड़ी केंद्र, लोहामंडी के प्रेम नगर प्राथमिक विद्यालय और सिकंदरा स्थित प्राथमिक विद्यालय बालक में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पीएसआई इंडिया के असिस्टेंट मैनेजर पंकज कुमार और एफपीसी आरती द्विवेदी ने सुमन-के (SUMAN-K) फॉर्मूले से हाथ धोने के 6 चरण बताए - S-सीधा हथेलियों को रगड़ना, U-उल्टा पीछे की तरफ रगड़ना, M-मुट्ठी बनाकर उंगलियों की सफाई, A-अंगूठा घुमाकर साफ करना, N-नाखून पोरों को रगड़ना और K-कलाई की सफाई। बीस सेकंड में पूरी सफाई संभव है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि साबुन से हाथ धोना बीमारी से बचाव का सबसे सरल और सस्ता उपाय है। डायरिया, पेट संक्रमण और निमोनिया से बचाव होता है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि खाने से पहले और शौच के बाद हाथ धोने से डायरिया के मामलों में 45-47 प्रतिशत तक कमी आती है। एनयूएचएम नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि गोपाल ने कहा कि पांच साल से कम बच्चों में डायरिया मौत का दूसरा बड़ा कारण है, साबुन से हाथ धोना टीके के समान है।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रिया, रेनू, रजनी, शिक्षामित्र यशोदा सहित बच्चों और महिलाओं ने भाग लिया और रोज हाथ धोने की शपथ ली।
____________________________________
Post a Comment
0 Comments