पति ने बेडरूम में लगाए कैमरे, विरोध पर घर से निकाला, पत्नी ने दर्ज कराया मुकदमा
आगरा, 12 अक्टूबर। शहर में पति द्वारा बेडरूम में कैमरे लगाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खबरों के अनुसार, ताजगंज क्षेत्र की 21 वर्षीय युवती ने पति सहित चार ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया है।
युवती की शादी इसी साल ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी युवक से हुई थी। परिजनों ने शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि इसके बाद भी ससुराल पक्ष दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा। मायके से पैसे लाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
कैमरे लगाने का विरोध किया तो मारपीट
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने अतिरिक्त दहेज लाने से इनकार किया तो पति ने उसके कमरे में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए। युवती ने विरोध करते हुए कहा कि वह उसी कमरे में कपड़े बदलती है, सोती है, सब कुछ कैमरे में कैद हो जाएगा। इस पर पति ने कहा कि इसमें दिक्कत क्या है।
विरोध जारी रखने पर विगत 25 मई को ससुरालियों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। बाद में विगत 27 जुलाई को पति उसे फिर बुला ले गया, लेकिन घर में कैद कर दिया।
मामला पुलिस तक पहुंचा तो दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई। काउंसलिंग के दौरान पति ने पत्नी के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
________________________________
Post a Comment
0 Comments