भाई ने बहन को मारी गोली, क्या था कारण- घर में सहेली को रखना या छोटी बहन की लव मैरिज? जांच में जुटी पुलिस
आगरा, 21 अक्टूबर। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के टेढ़ी बगिया विकास नगर में मंगलवार विजयादशमी की रात एक युवक ने अपनी ही बहन को गोली मार दी। घायल 25 वर्षीय युवती को गंभीर हालत में दिल्ली गेट स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वारदात रात करीब 11 बजे की है। पीड़िता बेबी (25 वर्ष) घर की दूसरी मंजिल पर किचन में खाना बना रही थी। आरोप है इसी दौरान घर में उसकी सहेली को रखने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि भाई राहुल ने विरोध जताते हुए अपने कमरे से तमंचा लाकर पीछे से बहन पर फायर कर दिया। पीठ में गोली लगते ही बेबी किचन में गिर पड़ी। यह भी कहा जा रहा है कि राहुल छोटी बहन तनु के प्रेम विवाह से नाराज था।
गोली की आवाज सुनकर पिता कृपाल सिंह और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। परिजनों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। पिता कृपाल सिंह ने अपने बेटों के खिलाफ तहरीर दी है, जिसमें बेटी के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वहीं, आरोपी राहुल के भाई सुमेर की पत्नी राजकुमारी ने पुलिस को बताया कि पिछले एक साल से बेबी की सहेली घर में रह रही है, जिसके चलते घर में अक्सर झगड़ा होता था। मंगलवार रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
सहायक पुलिस आयुक्त छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी राहुल की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
खबरों के अनुसार, पुलिस को घायल बेबी ने बताया कि परिवार में तीन बहनें और दो भाई हैं। उसकी छोटी बहन तनु ने करीब दो वर्ष पहले अपनी ही बिरादरी के सचिन नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि इस शादी से राहुल नाराज था और इसी बात को लेकर परिवार में तनाव चल रहा था। बताया गया कि दो दिन पहले बेबी के घरवालों ने तनु को उसकी दोस्त इरम के जन्मदिन पर बुलाया था। इरम उनके पिता के घर में किराये पर रहती है। पुलिस के अनुसार, तनु को बुलाने की बात से भी राहुल नाराज था। इसी मामले को लेकर मंगलवार रात कहासुनी हुई, जिसके बाद बेबी को गोली मारने की घटना सामने आई। हालांकि, विवाद की पूरी परिस्थितियों और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments