Agra News: खबरें आगरा की......

आगरा कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम का समापन
आगरा, 16 अक्टूबर। आगरा कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग, काउंसलिंग सेंटर और सुसाइड प्रीवेंशन सेल द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर सात दिवसीय कार्यक्रम का समापन शुक्रवार को स्टूडेंट सेमिनार से हुआ।
रिबन टाइंग प्रो. अंशु चौहान, रैली प्रो. दीपाली सिंह, व्याख्यान प्रो. पूनम चांद, कार्यशाला डॉ. अरविंद गुप्ता और सेमिनार डॉ. रवि सिंह ने संयोजित किया।
प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने धैर्य और तनाव प्रबंधन पर जोर दिया। प्रो. पूनम ने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर निर्णय का आधार बताया। प्रो. अंशु ने सकारात्मक सोच, प्रो. दीपाली ने संतुलित आहार व नींद को जरूरी बताया। डॉ. रवि ने फ्रायड के इड, इगो, सुपर ईगो सिद्धांत समझाया। डॉ. अरविंद ने नकारात्मक चिंतन से बचने की सलाह दी।
______________________________________
ड्राइव शील्ड फाउंडेशन का सड़क सुरक्षा अभियान, 80 युवा क्रिकेटरों को करेगा जागरूक
आगरा, 16 अक्टूबर। ड्राइव शील्ड फाउंडेशन द्वारा सिम्पकिंस क्रिकेट एकेडमी के 80 युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
एकेडमी के कोच श्री प्रवीन्द्र यादव के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को हेलमेट का सही उपयोग, सीट बेल्ट, गति सीमा का पालन, मोबाइल का प्रयोग न करना, यातायात संकेतों की जानकारी और पैदल यात्रियों की सुरक्षा के बारे में बताया जाएगा।
फाउंडेशन का मानना है कि जिस तरह मैदान में अनुशासन जरूरी है, वैसे ही सड़क पर सुरक्षा भी जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। युवा खिलाड़ी समाज के प्रेरणास्रोत हैं, उनके नियम पालन से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।
अभियान का संदेश है- “अपने सपनों को पूरा करने के लिए, स्वयं को चोट से बचाएँ।”
अध्यक्ष एवं रोड सेफ्टी ट्रेनर श्री प्रवीण कुमार ने इसे जन-आंदोलन बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
______________________________________
आगरा के डॉ. मयंक का यूपी लैक्रोस एसोसिएशन ने किया सम्मान
आगरा, 16 अक्टूबर। एशियन पैसिफिक लैक्रोस चैंपियनशिप में भारतीय टीम के फिजियोथेरेपिस्ट रहे डॉ. मयंक शर्मा को उत्तर प्रदेश लैक्रोस एसोसिएशन ने सम्मानित किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बंसल, सीईओ शकील खान और कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा ने उनका स्वागत कर योगदान की सराहना की।
चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने पांच में से तीन मुकाबले जीते। इस दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस बनाए रखने, मैच के बाद रिकवरी और अगले मुकाबले के लिए तैयार करने में डॉ. मयंक की भूमिका अहम रही।
लैक्रोस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सीईओ तौसीफ अहमद लारी ने भी डॉ. मयंक की सेवाओं के लिए आभार जताया। यूपी लैक्रोस एसोसिएशन ने कहा कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन में फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। 
______________________________________
जनगणना-2027: स्व-गणना 16 से 30 नवंबर तक, घर-घर गणना 01 दिसंबर से
आगरा, 16 अक्टूबर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रेस वार्ता कर बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत फील्ड ट्रेनरों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण पूरा हो गया है।
उन्होंने बताया कि यूपी में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना होगी, जिसमें नागरिक http://censusindia.gov.in पर मोबाइल फोन व आधार से लॉगिन कर जानकारी भर सकेंगे। 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर गणना करेंगे।
स्व-गणना में युवा, स्कूल-कॉलेज, एनजीओ, ग्राम प्रधान, लेखपाल के माध्यम से जागरूकता अभियान चलेगा। इस बार पेपरलेस, डिजिटल गणना पर जोर है।
द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति से 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। नाम, लिंग, आयु, धर्म, जाति, भाषा, शिक्षा, व्यवसाय, प्रवास, प्रजनन, बैंक खाता, मोबाइल, आधार, टीकाकरण आदि की जानकारी ली जाएगी। डीएम ने सटीक व गोपनीय आंकड़ा संकलन के निर्देश दिए हैं।
______________________________________
स्टारलिंक को अनुमति से पहले सुरक्षा जांच जरूरी: फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल
आगरा, 16 अक्टूबर। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल, यूपी के प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय उपमहासचिव भूपेंद्र सिंह सोबती ने एक संयुक्त बयान में कहा कि कहा कि एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को सैटेलाइट इंटरनेट की अनुमति से पहले सभी तकनीकी व सुरक्षा पहलुओं की जांच जरूरी है। राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि डेटा सुरक्षा, भारतीय गेटवे से ट्रैफिक, सुरक्षा एजेंसियों से सहयोग और आपात स्थिति में सेवा नियंत्रित करने की क्षमता पर स्पष्ट आश्वासन चाहिए। व्यावसायिक हित संप्रभुता से ऊपर नहीं।
बयान में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि स्वदेशी तकनीक व स्टार्टअप को बढ़ावा देना चाहिए, ताकि ग्रामीण व सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षित इंटरनेट पहुंचे। प्रदेश संगठन मंत्री जितेंद्र चतुर्वेदी ने केंद्र सरकार से मांग की कि स्टारलिंक को व्यावसायिक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने की अनुमति देने से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी सभी चिंताओं का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। 
____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments