Agra News: खबरें आगरा की......

मां चामुंडा के जागरण में सिलेंडर में लगी आग, जान जोखिम में डालकर बुझाई
आगरा, 19 अक्टूबर। आतुस गांव स्थित मां चामुंडा मंदिर में आयोजित जागरण के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रसाद तैयार करते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। 
एसएसएफ के जवान राहुल सारस्वत ने आगे बढ़कर आग बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने कपड़े की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। संकट की घड़ी में आगे बढ़कर लोगों की मदद करने की उनकी तत्परता चर्चा का विषय बनी हुई है। 
________________________________________
संस्कार भारती की पंद्रह दिवसीय नृत्य कार्यशाला का शुभारंभ, 73 प्रशिक्षणार्थी ले रहे भाग
आगरा, 19 अक्टूबर। संस्कार भारती आगरा पश्चिम, ब्रज प्रांत द्वारा पंद्रह दिवसीय नृत्य कार्यशाला का शुभारंभ श्री बुर्जी वाला मंदिर, प्रताप नगर, जयपुर हाउस में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, प्रांतीय महामंत्री नंद नंदन गर्ग, संरक्षक सीएस आंचल जैन, नरेंद्र पुरसनानी, अग्रवाल संघ महामंत्री शशिकांत गर्ग ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रांतीय महामंत्री नंद नंदन गर्ग ने कहा कि कला की साधना से संस्कारों का उदय होता है, इसलिए हर बच्चे को कला से जुड़ना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया, संयोजन संगठन मंत्री नीता गर्ग ने किया। ध्येय गीत श्याम तिवारी, प्रदीप सिंघल, नीता गर्ग, अंजुली बंसल ने प्रस्तुत किया। धन्यवाद ज्ञापन महानगर उपाध्यक्ष छीतरमल गर्ग ने किया।
________________________________________
प्राचीन सिद्धपीठ दुर्गा मंदिर नामनेर में भव्य छप्पन भोग का आयोजन, उमड़े श्रद्धालु
आगरा, 19 अक्टूबर। नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत प्राचीन सिद्धपीठ दुर्गा मंदिर, नामनेर में भव्य 56 भोग का आयोजन किया गया।
मंदिर के मुख्य सेवक बृजेश अग्रवाल ने बताया कि माता रानी के लिए दिव्य छप्पन भोग लगाया गया है। विशेष बात यह है कि संपूर्ण प्रसाद शुद्ध रसोई में सनातन नियमों का पालन करते हुए बनाया गया है। छप्पन भोग के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यह भोग अष्टमी-नवमी तक लगा रहेगा और दशमी से इसका प्रसाद सभी भक्तों में वितरित किया जाएगा।
व्यवस्था में सतीश शर्मा, बृजेश पंडित, सचिन शर्मा, नवीन कुमार, सुरेश अग्रवाल, यतेंद्र सिंह, विनोद कुमार, अशोक कोटिया, राज कुमार गुप्ता सहित सभी भक्तों का सहयोग रहा।
________________________________________
रेस्क्यू से रिकवरी तक: 12 साल बाद भी जारी है हाथी राजू के पुनर्वास का सफर
मथुरा, 19 अक्टूबर। दशकों तक भीख मंगवाने और शोषण झेलने के बाद हाथी राजू अब मथुरा स्थित वाइल्डलाइफ एसओएस के एलिफेंट कैंप में विशेष देखभाल के साथ स्वस्थ जीवन जी रहा है।
वाइल्डलाइफ एसओएस ने 2014 में राजू को बचाया था। तब उसके शरीर पर कई चोटें थीं। कसकर बंधी नुकीली जंजीरों से पैरों में गहरे घाव थे और अंकुश से हमलों के कारण कूल्हे सहित शरीर पर फोड़े और निशान थे। बेहद कमजोर हालत में उसे उत्तर प्रदेश वन विभाग और वाइल्डलाइफ एसओएस की मदद से कैंप लाया गया था। उसका रेस्क्यू अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था।
आज राजू के पास बड़ा खुला बाड़ा, नहाने के लिए पूल, गर्मी में वॉटर स्प्रिंकलर और पीने का साफ पानी है। उसे हरा चारा, मौसमी फल-सब्जियां, खनिज, दही और नारियल युक्त पौष्टिक आहार दिया जाता है। गन्ना और खरबूजा उसके पसंदीदा हैं। वह टारगेट ट्रेनिंग सत्रों में भी भाग लेता है, जिससे वह अपनी देखभाल में स्वेच्छा से सहयोग करता है। नियमित सफाई और स्वास्थ्य जांच उसके पुनर्वास का हिस्सा है।
वाइल्डलाइफ एसओएस की सह-संस्थापक गीता शेषमणि ने कहा कि राजू की कहानी सड़कों पर भीख मंगवाने वाले हाथियों की पीड़ा उजागर करती है। इस प्रथा को खत्म करने के लिए शोषण रोकना और बचाए गए हाथियों को जरूरत के अनुसार देखभाल देना जरूरी है।
कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के निदेशक बैजू राज एमवी ने कहा कि वर्षों की प्रताड़ना से हाथियों को दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं, जिनके लिए नियमित निगरानी जरूरी है। राजू का पुनर्वास केवल इलाज तक सीमित नहीं, बल्कि पोषण, निवारक देखभाल और बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।
________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments