Agra News: खबरें आगरा की....

डॉक्टर के क्लीनिक पर लूट का खुलासा, थार सवार 5 लुटेरे गिरफ्तार 
आगरा, 23 अक्टूबर। न्यू आगरा थाना क्षेत्र की शीतला धाम कॉलोनी में डॉक्टर के क्लीनिक पर हुई लूट का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। न्यू आगरा, सिकंदरा और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मथुरा के पांच शातिर लुटेरों को बहादुरपुर तिराहे से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हुई बिना नंबर प्लेट की थार गाड़ी, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, लूटी गई सोने जैसी पीली धातु की चेन, 8 मोबाइल फोन और कान की बालियां बरामद की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने क्लीनिक को पहले से टारगेट कर रखा था। वारदात से पहले उन्होंने क्लीनिक और आसपास के इलाके की पूरी रेकी की थी। मौका मिलते ही बदमाश क्लीनिक में घुसे और डॉक्टर से चेन और मोबाइल छीनकर थार से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। फुटेज में बिना नंबर प्लेट की थार दिखाई दी, जिसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों को दबोच लिया।
सभी आरोपी मथुरा जिले के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान - करन पुत्र ओवरन सिंह, ओमप्रकाश पुत्र सीताराम, सार्थक शर्मा पुत्र संजय शर्मा, रोहित पुत्र विजयपाल और आदित्य प्रताप सिंह पुत्र सुजीत सिंह के रूप में हुई।
_________________________________________
UN महासभा के 81वें सत्र में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने रखी भारत की बात
आगरा, 23 अक्टूबर। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठकों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत की विकास साझेदारी और सहयोग की भावना को प्रमुखता से रखा।
सांसद नवीन जैन भारत-संयुक्त राष्ट्र विकास साझेदारी कोष से संबंधित उच्चस्तरीय बैठक में शामिल हुए। बैठक में भारत और संयुक्त राष्ट्र के बीच विकास सहयोग को और मजबूत करने, वैश्विक साझेदारी को नए आयाम देने और विभिन्न देशों में चल रही जनकल्याणकारी परियोजनाओं को गति देने पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि भारत का दृष्टिकोण 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना पर आधारित है। भारत लंबे समय से मानव कल्याण, समावेशी विकास और जरूरतमंद समुदायों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
_________________________________________
डीईआई में 'नशा मुक्त युवा' अभियान के तहत पारंपरिक खेलकूद
आगरा, 23 अक्टूबर। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) की एनएसएस इकाइयों द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत पारंपरिक खेलों और व्याख्यान सत्र का आयोजन किया गया। उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर कर स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना रहा।
खेल शिक्षक असि. प्रो. वासु गुप्ता ने ‘आधुनिक जीवनशैली में खेलों का महत्व’ पर कहा कि तनाव कम करने और एकाग्रता बढ़ाने का सरल माध्यम पारंपरिक खेल हैं, जो युवाओं को नकारात्मक लत से बचाते हैं।इसके बाद खो-खो और रस्साकशी प्रतियोगिताएं हुईं। छात्राओं के खो-खो मैच में गति और कौशल दिखा, जबकि रस्साकशी में टीमवर्क का प्रदर्शन हुआ।एनएसएस समन्वयक डॉ. सानिल कुमार ने कहा कि विकसित भारत की नींव स्वस्थ युवा ही रख सकते हैं। आयोजन में डॉ. रजनीश मीना, डॉ. ललित मोहन, डॉ. राकेश कुमार सहित 285 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
_________________________________________
आगरा:  MLC स्नातक में 45.95% और शिक्षक में 56.28% मतदान
आगरा, 23 अक्टूबर। जनपद में खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन-2026 की मतदान प्रक्रिया गुरुवार को सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। सुबह आठ बजे से शुरू हुआ मतदान शाम तक चला। जिले में स्नातक निर्वाचन में 45.95 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन में 56.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल पूरे दिन भ्रमणशील रहकर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर, जीआईसी, रत्न मुनि जैन इंटर कॉलेज सहित कई मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, मतदाताओं के लिए छाया-पानी और बैठने की व्यवस्थाओं को देखा। मतदान के सकुशल संपन्न होने पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मतदान प्रक्रिया में लगे सभी कार्मिकों, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी मतदाताओं के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
_________________________________________
रजत सिंहासन पर विराजे राम, राज्याभिषेक की लीला का मंचन, लोकनृत्यों ने मन मोहा 
आगरा, 23 अक्टूबर। रामलीला मैदान में शुक्रवार को श्रीराम के राज्याभिषेक की लीला सम्पन्न हुई। रजत सिंहासन पर विराजमान मर्यादा पुरुषोत्तम का गुरु वशिष्ठ की भूमिका में पंडित वेद प्रकाश प्रचेता ने प्रथम तिलक किया। 
इसके बाद कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ताराचंद अग्रवाल सहित सभी पदाधिकारियों ने प्रभु का तिलक कर आशीर्वाद लिया। रामलीला मंडली के निदेशक नीरज चतुर्वेदी के निर्देशन में बृज वंदना, मयूर नृत्य, बांके बिहारी दर्शन और फूलों की होली पर नृत्य प्रस्तुत किए गए।
शनिवार 24 अक्टूबर को सुबह 10 बजे रावतपाड़ा स्थित लाला चन्नोमल की बाराद्वारी पर हवन और रामचरितमानस पारायण होगा। दोपहर 12 बजे रामलीला मैदान से स्वरूपों की विदाई होगी।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments