पर्यावरण संरक्षण के लिए बाटेंगे नौ हजार तुलसी के पौधे, वसुधा क्लाइम केयर फाउंडेशन ने शुरू किया 'मिशन 9000'

आगरा, 14 अक्टूबर। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण की रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामाजिक संस्था वसुधा क्लाइम केयर फाउंडेशन ने अनूठा सेवा प्रकल्प 'मिशन 9000' शुरू किया है। बुधवार को संजय प्लेस स्थित एक होटल में संस्था की नई कार्यकारिणी की घोषणा और स्वागत के साथ इस मिशन का शुभारंभ किया गया।
नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष संगीता दुबे, महासचिव दीपक श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष रेखा सारस्वत, संयुक्त सचिव निहारिका शर्मा, कोषाध्यक्ष विख्यात अग्रवाल, मीडिया प्रभारी मिथिलेश, स्वयंसेवक प्रमुख आश्रय जैन और सदस्य हरीश, डॉ. ए के मिश्रा व अनमोल शामिल हैं। पदाधिकारियों ने तुलसी के पौधों के साथ पोस्टर जारी कर मिशन की शुरुआत की।
अध्यक्ष संगीता दुबे ने कहा कि कार्बन मानव का दम घोंट रहा है, जागरूकता के साथ रोकथाम जरूरी है। एक कार 300 किलोमीटर चलने पर जितना कार्बन छोड़ती है, उसे रोकने के लिए 9000 तुलसी के पौधे चाहिए। 9000 पौधे 4.5 टन कार्बन उत्सर्जन रोक सकते हैं। इसी सोच से मिशन 9000 शुरू किया गया है।
महासचिव दीपक श्रीवास्तव ने कहा कि तुलसी सिर्फ पौधा नहीं, भारत की संस्कृति और स्वस्थ सांसों का संगम है। इसे 'मदर मेडिसिन ऑफ नेचर' और 'क्वीन ऑफ हर्ब्स' कहा जाता है, जो हानिकारक वायु को शुद्ध करता है। पहले चरण में 2027 में हर माह 1000 पौधे, पूरे साल में 9 से 12 हजार तुलसी के पौधे मंदिरों, स्कूलों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर बांटे जाएंगे।
संयुक्त सचिव निहारिका शर्मा ने बताया कि यह कम्युनिटी ड्रिवन पहल है। सहयोग करने वाले जागरूक लोगों को संस्था की ओर से कार्बन योद्धा प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। उपाध्यक्ष रेखा सारस्वत ने 'हर सांस तुलसी के नाम' का संदेश देते हुए कहा कि तुलसी एक शक्तिशाली एडेप्टोजन है जो औद्योगिक प्रदूषण और रासायनिक तनाव से बचाव करती है।
_____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments