कागज खरीदने के नाम पर आगरा के कारोबारी से 6.85 लाख की साइबर ठगी, फर्जी बिल और E-Way Bill भेजकर दिया झांसा

आगरा, 02 अक्टूबर। साइबर ठगों ने कागज खरीदने के नाम पर शहर के कारोबारी से 6.85 लाख रुपये ठग लिए। पहले एक लाख रुपये एडवांस लिये, फिर माल ट्रक में लोड होने का झांसा देकर 5.85 लाख रुपये और ट्रांसफर करा लिए। अगले दिन जब GST पोर्टल पर बिल चेक किया तो न बिल मिला, न E-Way Bill और ट्रक चालक का फोन भी बंद मिला। बैंक द्वारा साइबर ठगी की आशंका जताने पर पीड़ित ने 1930 पर शिकायत की, जिसके बाद साइबर क्राइम थाने में FIR दर्ज हुई है।
पीड़ित निलेश बंसल ने मीडिया को बताया कि उन्हें कागज की जरूरत थी। इस दौरान एक व्यक्ति ने खुद को सप्लायर बताकर संपर्क किया। सौदा तय होने पर पहले एक लाख रुपये एडवांस के तौर पर ले लिए। इसके बाद आरोपी ने फर्जी बिल और E-Way Bill व्हाट्सएप पर भेजा और कहा कि माल ट्रक में लोड हो गया है, बाकी रकम भेज दीजिए। भरोसे में आकर कारोबारी ने 5.85 लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए।
अगले दिन जब माल नहीं पहुंचा तो उन्होंने GST पोर्टल पर बिल और E-Way Bill की जांच की। दोनों ही फर्जी निकले। ट्रक चालक के नंबर पर फोन किया तो फोन उठना बंद हो गया। सप्लायर के नंबर भी बंद मिले।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित बैंक पहुंचे। बैंक अधिकारियों ने लेनदेन को संदिग्ध मानते हुए साइबर ठगी की आशंका जताई और तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने को कहा। साइबर सेल की मदद से शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खातों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments