NEET पास युवक का ट्रेन चोरी कनेक्शन, आगरा जीआरपी ने 25 लाख के माल के साथ दो को पकड़ा
आगरा, 15 सितम्बर। आगरा कैंट जीआरपी ने एसी कोच में सो रही महिला यात्रियों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर दो बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी पुनीत निवासी पीलीभीत और उसका साथी आकाश पाल निवासी लखनऊ शामिल है। दोनों के पास से करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और बैग बरामद हुए हैं।
ऐसे करते थे वारदात
पुलिस के अनुसार पुनीत एसी-फर्स्ट, एसी-2 और एसी-3 कोच में रिजर्वेशन कराता था। रात में जब महिला यात्री गहरी नींद में होतीं, तो उनके बैग की जिप धीरे से खोलकर जेवर, नकदी और कीमती सामान पार कर देता था। महिलाओं को इसलिए निशाना बनाता था क्योंकि वे जेवर पहनकर या बैग में रखकर सफर करती हैं और विरोध की आशंका कम रहती है।
फरवरी और अगस्त की वारदात का खुलासा
आगरा कैंट जीआरपी ने बताया कि विगत फरवरी और अगस्त माह में आगरा से गुजरने वाली ट्रेनों में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं में इन्हीं का हाथ था। सीसीटीवी और यात्रियों के बयानों के आधार पर सुराग मिले थे। मुखबिर की सूचना पर आगरा कैंट स्टेशन से दोनों को पकड़ा गया।
NEET पास होने का दावा
पूछताछ में पुनीत ने दावा किया कि उसने NEET परीक्षा पास की है। हालांकि MBBS में एडमिशन या पढ़ाई से जुड़े दस्तावेजों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस उसके शैक्षिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुनीत पर पहले से अलग-अलग थानों में 27 से ज्यादा चोरी व लूट के मुकदमे दर्ज हैं।
लग्जरी लाइफ के लिए चोरी
पुलिस का कहना है कि पुनीत लखनऊ में हुक्का पार्लर चलाता था। लॉकडाउन में पार्लर बंद होने के बाद वह चोरी की दुनिया में आ गया। महंगे कपड़े, ब्रांडेड जूते, क्लब और लग्जरी लाइफस्टाइल के शौक को पूरा करने के लिए वह ट्रेनों में चोरी करने लगा।
वह एक जिले में पकड़े जाने के डर से तुरंत इलाका बदल देता था, ताकि लोकल पुलिस ट्रैक न कर सके। लखनऊ, बरेली, आगरा, झांसी रूट पर वह ज्यादा सक्रिय था।
जीआरपी का मानना है कि गिरोह में और लोग भी शामिल हो सकते हैं। आरोपियों से पूछताछ कर अन्य ट्रेन चोरी की वारदातों का पता लगाया जा रहा है और बरामद जेवरात की शिनाख्त कराई जा रही है।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments