ताजगंज में रिजॉर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, हड़कंप
आगरा, 17 सितम्बर। ताजगंज क्षेत्र में जालमा हॉस्पिटल के सामने स्थित एक रिजॉर्ट को ई-मेल से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी में रिजॉर्ट के अंदर बम रखे होने और आठ दिन में कभी भी फटने की चेतावनी दी गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ई-मेल मिलते ही संचालक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा बढ़ा दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम डिस्पोजल स्क्वॉड समेत अन्य टीमें भी मौके पर पहुंचीं। टीमों ने रिजॉर्ट के कमरों, हॉल, स्टोर और आसपास के परिसर की सघन तलाशी ली। संदिग्ध वस्तुओं पर विशेष नजर रखी गई। फिलहाल कोई विस्फोटक नहीं मिला है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी वास्तविक है या शरारत, जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने रिजॉर्ट परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
साइबर टीम ई-मेल आईडी, भेजने वाले का सिस्टम और लोकेशन ट्रेस कर रही है। पुलिस का कहना है कि आठ दिन की बात लिखे होने से मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच जारी है।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments