गुजरात सोना लूटकांड का फरार आरोपी पांच साल बाद आगरा में पकड़ा, आयकर अधिकारी बनकर की थी लूट

आगरा, 12 सितम्बर। गुजरात में वर्ष 2021 में हुई करोड़ों की सोना लूट के मामले में पांच साल से फरार चल रहे आरोपी को एसटीएफ आगरा और गुजरात पुलिस की संयुक्त टीम ने सिकंदरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी निखिल मेहरा पिछले कई साल से सिकंदरा के बाईंपुर स्थित रामरघु आनंदा सोसाइटी में नाम बदलकर रह रहा था।
आयकर अधिकारी बनकर लूटा था सोना
अहमदाबाद ग्रामीण थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार फरवरी, 2021 में निखिल और उसके साथियों ने एक संगठित गिरोह बनाकर सोना लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गिरोह ने हाईवे पर बस रुकवाई और खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताया। बस में सोना लेकर जा रहे दो व्यापारियों को जांच के नाम पर नीचे उतारा, उनके हाथ-पैर बांधे और सोने से भरा बैग लूटकर सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए थे।
इस मामले में गुजरात पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन निखिल मेहरा तब से फरार था। पुलिस ने उस पर इनाम भी घोषित किया था।
   
आईपीएल सट्टे में हारे 15 लाख
एसटीएफ के मुताबिक, पूछताछ में निखिल ने बताया कि वह सट्टे का आदी है। आईपीएल में सट्टा लगाकर वह करीब 15 लाख रुपये हार गया था। कर्ज चुकाने के लिए ही उसने सोना लूट की योजना बनाई थी। लूट के बाद मिले रुपयों से उसने कर्ज चुकाया और फिर आगरा आकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू कर दिया था।
ऐसे पकड़ा गया
गुजरात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में रह रहा है। इसके बाद अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने एसटीएफ आगरा से संपर्क किया। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से बाईंपुर में घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
आरोपी को कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर गुजरात ले जाने की कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ ने बताया कि आरोपी से गिरोह के अन्य फरार साथियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments