निवेश मित्र पोर्टल पर समयबद्ध निस्तारण का प्रशिक्षण, चैम्बर में हुई कार्यशाला

आगरा, 15 सितंबर। नेशनल चैम्बर सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में निवेश मित्र पोर्टल को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य उद्योग व निवेश से जुड़ी सेवाओं का ऑनलाइन व समयबद्ध निस्तारण और अधिक प्रभावी बनाना था। यह प्रशिक्षण उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा कराया गया।
कार्यशाला में तकनीकी विशेषज्ञों ने निवेश मित्र 3.0 की कार्यप्रणाली समझाई। बताया कि पोर्टल के जरिए उद्यमियों को विभिन्न विभागों से अनुमति, अनापत्ति और लाइसेंस ऑनलाइन मिलते हैं। आवेदन प्राप्त होने, परीक्षण, आपत्ति, निस्तारण और स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण और तकनीकी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया। 
   
विशेषज्ञों ने बताया कि यूपी सरकार द्वारा लॉन्च निवेश मित्र 3.0 का मुख्य उद्देश्य ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देना है। इसमें सेवाओं को समेकित कर सुव्यवस्थित बनाया गया है। अधिकतर लाइसेंस व एनओसी पोर्टल से ही मिल सकते हैं। उद्यमी के पैनकार्ड को ही मुख्य व्यावसायिक पहचान के रूप में उपयोग किया जाता है।
चैम्बर अध्यक्ष मनोज बंसल ने कहा कि समयबद्ध निस्तारण से निवेशकों को सुगम, पारदर्शी व त्वरित सेवा मिलेगी। अधिकारियों से प्राथमिकता के आधार पर प्रकरण निस्तारित करने का आह्वान किया गया।
इस दौरान उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अंबा प्रसाद गर्ग, नरेंद्र तनेजा, डिस्ट्रिक्ट इंडस्ट्री फैसिलिटेशन ऑफिसर अपूर्वा गुप्ता, सब रजिस्ट्रार रविप्रकाश वर्मा, संजय सिंह, दीपक गुप्ता, इलेक्ट्रिक सेफ्टी अधिकारी सुशील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
__________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments