Agra News: खबरें आगरा की....
बटेश्वर स्टेशन का ₹33.45 करोड़ से होगा कायाकल्प, D से B श्रेणी में होगा अपग्रेड
आगरा, 09 सितम्बर। आगरा मंडल के भांडई-उदीमोड़ रेलखंड पर स्थित बटेश्वर हॉल्ट स्टेशन का ₹33.45 करोड़ की लागत से विकास किया जा रहा है। इसे D श्रेणी से B श्रेणी क्रॉसिंग स्टेशन बनाया जाएगा। लक्ष्य नवंबर 2026 तक काम पूरा करने का है।
बटेश्वर बाह और फतेहाबाद के बीच स्थित है। अपग्रेड के बाद यहां ट्रेनों की क्रॉसिंग और ओवरटेकिंग हो सकेगी, जिससे परिचालन क्षमता बढ़ेगी।
परियोजना में 750 मीटर की दो लूप लाइनें, हाई लेवल प्लेटफॉर्म, स्टेशन भवन और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग भवन बनेगा। आधुनिक सिग्नलिंग, OHE संशोधन, सर्कुलेटिंग एरिया, पानी की टंकी, बोरवेल और दिव्यांग सुविधाएं भी विकसित होंगी।
यमुना किनारे बसे बटेश्वर का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। यहां प्राचीन शिव मंदिर हैं और यह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली भी है। प्रसिद्ध बटेश्वर पशु मेले में भी हजारों लोग आते हैं। स्टेशन के विकास से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
_______________________________________
योगी के कार्यालय तक पहुंचाई आगरा की जनसमस्याएं
आगरा, 09 सितम्बर। भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर छह सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन विशेष कार्याधिकारी एनके सिंह चौहान ने लिया।
ज्ञापन में कालिंदी विहार के बुद्धा पार्क को बुद्धा सर्किट से जोड़ने और मुख्यमंत्री योगी के हाथों लोकार्पण कराने, आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन का नाम शहीद कैप्टन सुनील यादव के नाम पर रखने, कालिंदी विहार स्टेशन का नाम बुद्धा पार्क मेट्रो स्टेशन करने की मांग की गई। साथ ही मेहरा-नाहरगंज से एत्मादपुर-टूंडला पुल निर्माण, ग्वालियर रोड पर जलभराव के लिए नाला निर्माण और 11 जुलाई को बुद्धा विहार की दीवार गिरने की घटना के बाद गुणवत्ता जांच के लिए मॉनिटरिंग कमेटी गठित करने की मांग उठाई।
_______________________________________
वनबंधु परिषद की पचमढ़ी वन यात्रा संपन्न, एकल विद्यालय में बच्चों का किया सम्मान
आगरा, 09 सितम्बर। वनबंधु परिषद आगरा चैप्टर की चार दिवसीय पचमढ़ी वन यात्रा 5 से 8 सितंबर तक संपन्न हुई। यात्रा में करीब 60 सदस्यों ने भाग लिया।
अध्यक्ष वीरेंद्र सिंघल और उपाध्यक्ष रवि अग्रवाल, राम रतन मित्तल, गोविंद प्रसाद अग्रवाल, राजेश वर्मा, अनिल गोयल, विवेक मोहन अग्रवाल, मुकेश मित्तल, सुनील पाराशर, महिला समिति से सुमन जैन, सुधा अग्रवाल के मार्गदर्शन में यात्रा हुई।
सबसे भावपूर्ण पड़ाव 8 सितंबर को रहा। वन यात्री एकल अभियान के स्कूल पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने तिलक लगाकर स्वागत किया। बच्चों से संवाद किया और पेठा, कॉपी, पेन, बिस्किट भेंट किए। पिपरिया से पचमढ़ी तक 65 किमी का पहाड़ी मार्ग हरियाली भरा रहा। सदस्यों ने पांडव गुफा, बी फॉल, रीचगढ़, धूपगढ़ और प्राकृतिक औषधालय का भ्रमण किया। यात्रा में सुरेश गर्ग, नरेंद्र बंसल, अजय अग्रवाल, महेश गोयल सहित कई सदस्य रहे। व्यवस्थाओं का संचालन प्रकल्प प्रमुख रामेन्द्र ने किया।
_______________________________________
फूड और एग्रो क्षेत्र में संभावनाओं पर प्रकाश डाला चैंबर अध्यक्ष ने
आगरा, 09 सितम्बर। यूको बैंक ने होटल हॉलीडे इन में एमएसएमई, एग्रीकल्चर, रिटेल व रिसोर्स कार्निवाल का आयोजन किया। इसमें प्रधान कार्यालय कोलकाता से मुख्य महाप्रबंधक अविनाश शुक्ला, नेशनल चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल और कानपुर अंचल प्रमुख दीपक कुमार मौजूद रहे।
मनोज बंसल ने ODOP और ODOC का जिक्र करते हुए फूड और एग्रो क्षेत्र में संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने आगरा में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां लगाने की बात कही, जिससे गैर प्रदूषणकारी उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्य महाप्रबंधक ने यूको बैंक की भावी योजनाओं और उद्यमियों-किसानों के लिए प्रयासों की जानकारी दी। अंचल प्रमुख ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के व्यवसाय पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राहकों ने भाग लिया और बैंक उत्पादों की जानकारी दी गई। समापन उप अंचल प्रमुख जय भूषण के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।
_______________________________________
सहारनपुर मस्जिद विवाद में पाकिस्तान की एंट्री पर हिंदू महासभा नाराज, पाक झंडा जलाया
आगरा, 09 सितम्बर। सहारनपुर मस्जिद विवाद में पाकिस्तान की टिप्पणी से हिंदू महासभा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तानी दूतावास के प्रतीक और पाकिस्तान का झंडा जलाकर पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए और दूतावास बंद करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष मीरा राठौर, अज्जू चौहान और राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान पहले अपने यहां हिंदुओं पर अत्याचार, मठ-मंदिरों की रक्षा और भारत में फैलाए जा रहे आतंकवाद पर बात करे, फिर भारत की मस्जिदों की चिंता करे। उन्होंने कहा कि यूपी में योगी सरकार अच्छा काम कर रही है और जरूरत पड़ी तो अतिक्रमण वाली मस्जिदों पर बुलडोजर चलाने के लिए 101 बुलडोजर देने को तैयार हैं।
कार्यक्रम में शंकर श्रीवास्तव, मनीष पंडित, अवतार सिंह गिल, निशा ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments